जामा विधान सभा क्षेत्र
मुकाबला को त्रिकोणीय बनाने के प्रयास में जुटे हैं झामुमो के बागी निर्दलीय प्रत्याशी रामकृष्ण हेम्ब्रम*
सुमन सिंह

दुमका। झामुमो के गढ़ माने जाने वाले जामा विधान सभा क्षेत्र में इस बार का चुनावी नजारा बदला हुआ है।जामा सीट से पिछले तीन टर्म से झामुमो के टिकट पर विधायक रही सीता सोरेन की जगह झामुमो से डॉ.लुईस मरांडी प्रत्याशी हैं।हाल तक भाजपा की कद्दावर नेता रही डॉ. लुईस मरांडी दुमका से भाजपा का टिकट नहीं मिलने पर दल बदल कर चुनाव के समय झामुमो में शामिल हुई हैं।जामा में डॉ.लुईस मरांडी को भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू से कड़ी टक्कर मिल रही है।सुरेश लगातार तीसरी बार इस सीट से भाजपा के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं।2014 और 2019 के विधान सभा चुनाव में सुरेश मुर्मू बहुत कम वोटों के अंतर से चुनाव हारे थे।तत्कालीन झामुमो प्रत्याशी सीता सोरेन अब भाजपा में हैं और जामताड़ा से चुनाव लड़ रही हैं।सीता सोरेन झामुमो सुप्रीमो शिबू सोरेन की बड़ी बहू हैं।सोरेन परिवार का जामा विधान सभा क्षेत्र में शुरू से दबदबा रहा है।सीता सोरेन के पति दुर्गा सोरेन दो टर्म इस क्षेत्र से विधायक रह चुके थे।एक टर्म शिबू सोरेन खुद इस क्षेत्र से विधायक निर्वाचित हुए थे।1995 से लेकर अब तक यह पहला चुनाव है जिसमें सोरेन परिवार से बाहर का कोई लीडर झामुमो का प्रत्याशी है।डॉ लुईस मरांडी को झामुमो का प्रत्याशी बनाने का पार्टी का एक खेमा विरोध कर रहा है।यहां तक कि झामुमो से बगावत कर पार्टी के एक युवा नेता रामकृष्ण हेम्ब्रम इस सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे हैं।जामा सीट पर वैसे तो भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू और झामुमो प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी के बीच सीधा मुकाबला है पर झामुमो के बागी निर्दलीय प्रत्याशी रामकृष्ण हेम्ब्रम संघर्ष को त्रिकोणीय बनाने के प्रयास में जुटे हुए हैं।उन्हें युवाओं और कई मुखिया का समर्थन मिलते दिख रहा है।जामा विधान सभा क्षेत्र में कुल 18 प्रत्याशी अपना किस्मत आजमा रहे हैं।
कोई दीदी तो कोई जामा का बेटा बन कर मांग रहा वोट
झामुमो प्रत्याशी डॉ. लुईस मरांडी हेमंत सोरेन सरकार के द्वारा किये गए विकास कार्यों और शुरू की गई योजनाओं के नाम पर वोट मांग रही हैं।कहती हैं,मैं नेता बन कर नहीं दीदी के रूप में जामा आई हूं।मुझे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने जामा का विकास करने के लिए भेजा है।दूसरी ओर भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू मोदी सरकार की योजनाओं और स्थानीय होने के आधार पर जामा की जनता से वोट मांग रहे हैं।डॉ लुईस मरांडी को बाहरी बताते हुए सुरेश मुर्मू कहते हैं कि मैं जामा का बेटा हूं।चुनाव हारने के बाद भी इस क्षेत्र की जनता के सुख-दुख में खड़ा रहा।वे कहते हैं-डॉ लुईस मरांडी जामा विधानसभा क्षेत्र की नहीं हैं।वे दुमका की निवासी है जहां से दो चुनाव हारने के बाद जामा आई हैं।इधर निर्दलीय चुनाव लड़ रहे झामुमो के बागी रामकृष्ण हेम्ब्रम भी स्थानीय युवा होने के आधार पर वोट मांग रहे हैं।
आदिवासी वोटरों में झामुमो की पैठ अधिक
जामा विधानसभा क्षेत्र में दो प्रखंड है-जामा और रामगढ़।आदिवासी बहुल इस क्षेत्र में करीब 45 प्रतिशत आदिवासी वोटर हैं।जामा में यादव 6 प्रतिशत और ओबीसी 22 प्रतिशत हैं।आदिवासी वोटरों के बीच झामुमो की अच्छी पैठ मानी जाती है।हालांकि पिछले दो चुनावों से भाजपा प्रत्याशी सुरेश मुर्मू आदिवासी वोटरों के बीच कुछ हद तक अपनी पैठ बढ़ाने में सफल भी हुए हैं।इसी वजह से दोनों चुनावों में उनकी हार का अंतर कम था।यादव और ओबीसी वोटरों का समर्थन भाजपा को मिलते रहा है।जामा में अल्पसंख्यक वोटरों की संख्या अपेक्षाकृत कम है।
जामा से शिबू सोरेन और सुनील सोरेन भी रह चुके हैं विधायक
जामा विधान सभा क्षेत्र 1967 में बना।निर्दलीय मुंशी हांसदा इस क्षेत्र से निर्वाचित पहले विधायक थे।1985 से इस सीट पर झामुमो का दबदबा हो गया। अब तक जो 13 चुनाव हुए उसमें 8 चुनावों में झामुमो की जीत हुई।दो बार कांग्रेस और एक चुनाव में भाजपा की जीत हुई।1985 में जामा से शिबू सोरेन विधायक चुने गए थे।1995 और 2000 का चुनाव शिबू सोरेन के बड़े पुत्र दुर्गा सोरेन ने जीता था।2005 के चुनाव में भाजपा के टिकट पर सुनील सोरेन झामुमो प्रत्याशी दुर्गा सोरेन को पराजित कर पहली बार यहां भाजपा का कमल खिलाए थे। 2009, 2014 और 2019 में सीता सोरेन इस सीट से झामुमो के टिकट पर चुनाव जीती थी।
लोकसभा चुनाव में जामा में भाजपा को मिली थी लीड
जामा विधान सभा क्षेत्र दुमका लोकसभा क्षेत्र के अंतर्गत है।2024 के लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन को हरा कर झामुमो प्रत्याशी नलिन सोरेन सांसद निर्वाचित हुए पर जामा विधान सभा क्षेत्र में भाजपा को लीड मिली थी।झामुमो प्रत्याशी नलिन सोरेन को जामा में 69246 वोट मिले जबकि भाजपा प्रत्याशी सीता सोरेन को 74932 वोट मिले।
2019 विधानसभा चुनाव का परिणाम*
सीता सोरेन(झामुमो) 60925
सुरेश मुर्मू (भाजपा) 58499
1967 से अब तक के विधायक*
1967 मुंशी हासंदा निर्दलीय
1969 मदन बेसरा कांग्रेस
1972 मदन बेसरा कांग्रेस
1977 मदन बेसरा कांग्रेस
1980 देवान सोरेन झामुमो
1985 शिबू सोरेन झामुमो
1990 मोहरिल मुर्मू झामुमो
1995 दुर्गा सोरेन झामुमो
2000 दुर्गा सोरेन झामुमो
2005 सुनील सोरेन भाजपा
2009 सीता सोरेन झामुमो
2014 सीता सोरेन झामुमो
2019 सीता सोरेन झामुमो



