ललमटिया संवाददाता (गोड्डा) : भाद्रपद माह के शुक्लपक्ष की चतुर्थी तिथि पर शनिवार को जिला स्थित लोहंडिया बाजार में विध्नहर्ता, मंगलकर्ता देवताओं मे प्रथम पूज्य श्री गणेश की पूजा अर्चना की गई। वहीं महानगरों के तर्ज पर लाल बहादुर शास्त्री क्लब के प्रांगण मे भव्य रूप से सजे पूजा पंडाल में गजानन की विशाल प्रतिमाएं स्थापित कर श्रद्धालुओं ने भक्ति भाव के साथ श्री गणेश जी की पूजा-अर्चना की। पुरोहित जयकांत चौबे के वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विधि विधान से गौरी पुत्र श्री गणेश जी के प्रतिमा का प्राण प्रतिष्ठा कराया गया। इस दौरान श्री गणेश जी को अति प्रिय मोदक, फल, फूल, नैवेद्य, पान, फूल, दूर्वा आदि अर्पित की गई। यजमान गुड्डू भगत ने बताया कि यहां दो दिनों तक गणेश उत्सव मनाया जाएगा। वही इस तिथि पर कई जातक गणेश यंत्र की स्थापना अपने अपने घरों मे भी करते दिखे। जातको का मानना है कि इस दिन यंत्र की स्थापना कराने से सभी नकारात्मक ऊर्जा समाप्त हो जाती है और घर मे मंगल मूर्ति श्री गणेश जी की कृपा से सुख शांति और समृद्धि का वास होने लगता है। वही इस मौके पर पुनर्वास ग्राम लोहंडिया वस्ती के काली स्थान मे स्थापित श्री गणेश जी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का तांता अहले प्रातः से देखा गया सामान्य दिनों से अधिक संख्या में लोग श्री गणेश चतुर्थी पर पूजा अर्चना करते दिखे।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


