●उपचुनाव में डॉ.लुईस मरांडी को पराजित कर विधायक बने थे झामुमो नेता बसंत सोरेन
●झामुमो एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटा,भाजपा में प्रत्याशी तक तय नहीं
सुमन सिंह

दुमका । विधानसभा चुनाव सामने है।उपराजधानी होने के साथ ही राजनीतिक रूप से संवेदनशील दुमका सीट राज्य की हॉट सीटों में एक है।मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के छोटे भाई बसंत सोरेन इस सीट से विधायक हैं।2019 के चुनाव में निर्वाचित हेमंत सोरेन द्वारा सीट खाली करने पर हुए उपचुनाव में भाजपा की डॉ.लुईस मरांडी को पराजित कर झामुमो नेता बसंत सोरेन पहली बार विधायक बने।वे चंपाई सोरेन सरकार में मंत्री भी रहे।विधायक और मंत्री के रूप में बसंत सोरेन ने दुमका विधान सभा क्षेत्र के विकास के लिए जो कार्य किया है,उसके आधार पर वे 2024 के चुनावी मैदान में उतरने वाले हैं।बसंत सोरेन इन दिनों अपने विधानसभा क्षेत्र में डटे हुए हैं।लगातार अपनी सरकार में स्वीकृत विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास कर रहे हैं।
इधर झामुमो की प्रतिद्वंदी भाजपा अपने अंतर्कलह से ही परेशान है।विधान सभा चुनाव को लेकर प्रत्याशी का ऐलान होना है।कई सर्वे और रायशुमारी के बावजूद भाजपा में अभी यह तय नहीं हो पा रहा है कि पार्टी के टिकट पर 2009 के विधान सभा चुनाव से लेकर 2020 के उपचुनाव तक लगातार 4 चुनाव लड़ चुकी डॉ लुईस मरांडी प्रत्याशी होंगी या इस बार कोई नया चेहरा मैदान में होगा।
—————————————————————————————————————————–
डॉ.लुईस मरांडी या किसी नए चेहरा पर दांव लगाएगी भाजपा
दुमका।डॉ लुईस मरांडी दुमका सीट से चार चुनाव में तीन चुनाव हार चुकी हैं।सिर्फ 2014 के चुनाव में वे जीतीं और रघुवर सरकार में 5 साल मंत्री रहीं।पर वे मंत्री रहते हुए 2019 का विधान सभा चुनाव हार गईं।हेमंत सोरेन ने करीब 13 हजार मतों से उन्हें पराजित कर दिया था।2020 के उपचुनाव में पार्टी ने चौथी बार डॉ लुईस मरांडी पर भरोसा कर चुनाव मैदान में उतारा।पहली बार चुनाव लड़ रहे झामुमो के बसंत सोरेन ने डॉ लुईस मरांडी को पराजित कर दिया।अब 2024 के विधान सभा चुनाव में भाजपा डॉ.लुईस मरांडी पर फिर से दांव लगाती है कि दुमका सीट जीतने के लिए किसी दूसरे नेता को मौका देती है,यह बड़ा सवाल है।अगले कुछ दिनों में जारी होने वाली भाजपा प्रत्याशियों की सूची से यह खुलासा होगा।
एक ओर भाजपा के अंदर टिकट को लेकर दुमका से लेकर रांची तक मगजमारी चल रही है।गुटों में बंटे दुमका भाजपा में प्रत्याशी के नाम को लेकर अलग-अलग कयास लगाए जा रहे हैं।
—————————————————————————————————————————–
झामुमो में टिकट का विवाद नहीं,कार्यकर्ता भी एकजुट
दुमका।झामुमो में नेता से कार्यकर्ता तक एकजुट होकर चुनाव की तैयारी में जुटे हुए हैं।
झामुमो में टिकट को लेकर कोई विवाद नहीं है।लोकसभा चुनाव में झामुमो की हुई जीत से कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ा हुआ है।झामुमो सांसद नलिन सोरेन लगातार दुमका में कैम्प कर रहे हैं।
दुमका के सीटिंग झामुमो विधायक बसंत सोरेन ने अपने क्षेत्र में सक्रिय हैं।सुदूर गांवों में लोगों से मिल रहे हैं।विकास योजनाओं की प्रगति की न केवल समीक्षा कर रहे हैं।महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास के साथ विधायक बसंत सोरेन अपने क्षेत्र में मुख्यमंत्री ऊर्जा खुशहाली योजना का प्रमाण पत्र भी वितरण कर रहे हैं।बसंत अपने भाषणों में हेमंत सोरेन सरकार की उपलब्धियां गिना रहे हैं।मईया सम्मान योजना, अबुआ आवास योजना और 200 यूनिट तक फ्री बिजली जैसी हेमंत सोरेन सरकार की कई कल्याणकारी योजनाओं की चर्चा बसंत सोरेन की सभाओं में हो रही है।
—————————————————————————————————————————–
केवल कहता नहीं हूं, करके दिखाता हूं:बसंत सोरेन
दुमका।विकास योजनाओं के उद्घाटन और शिलान्यास कार्यक्रमों में विधायक बसंत सोरेन कह रहे रहे हैं कि ‘मैं केवल कहता नहीं हूं, करके दिखाता हूं। विधानसभा क्षेत्र में बननेवाली सड़कें अच्छी होंगी, तो गांवों के विकास की रफ्तार भी बढ़ेगी।झामुमो विधायक बसंत सोरेन ने कहा जनता से किए वादे को हम पूरा कर रहे हैं।





