उपायुक्त ने शमसान-घाट के जीर्णाेद्धार तालाब की सफाई व विद्युत व्यवस्था को बेहतर व सुदृढ़ करने का दिया निर्देश
देवघर संताल एक्सप्रेस: नगर निगम देवघर द्वारा किये जा रहे कार्याें की समीक्षा बैठक का आयोजन समाहरणालय सभागार में किया गया। इस दौरान उन्होंने कचड़ा प्रबंधन, साफ-सफाई, वाटर सप्लाई, वाटर कनेक्शन,एमएसडब्ल्यूएम द्वारा किये जा रहे कार्यों की बिन्दुवार समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक व उचित दिशा-निर्देश दिया।इसके अलावा समीक्षा के क्रम में उपायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत सभी 36 वार्डों में रोजाना के कचड़ा उठाव, साफ-सफाई को लेकर किये जा रहे कार्यों की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। साथ ही उपायुक्त ने नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत अतिक्रमण को लेकर किये जा रहे कार्यों को लेकर नगर निगम के अधिकारियों को निदेशित करते हुए कहा कि सभी 36 वार्डों में विशेष निगरानी रखें और अतिक्रमण मुक्त निगम क्षेत्र को बनाने की दिशा में कार्य करें। आगे उपायुक्त ने नगर निगम के सभी सफाई कर्मियों को मिल रही सुविधा एवं सरकार द्वारा दी जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की वस्तुस्थिति से अवगत हुए। साथ ही सफाई कर्मियों को राज्य सरकार की महत्वपूर्ण योजना सर्वजन पेंशन योजना से आच्छादित करने का निर्देश उपायुक्त ने नगर निगम के अधिकारियों को दिया। आगे उपायुक्त ने नगर क्षेत्र अन्तर्गत साफ-सफाई व्यवस्था को और भी बेहतर करते हुए वार्ड वाईज साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। समीक्षा बैठक में उपायुक्त ने शमसान घाट के सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देने का निर्देश नगर निगम के अधिकारियों को दिया। साथ ही उपायुक्त ने शमसान घर परिसर स्थित तालाब की साफ-सफाई, पेयजल के अलावा विद्युत व्यवस्था व स्ट्रीट लाईट की सुदृढ़ व्यवस्था करने का निदेश दिया। आगे उपायुक्त ने साफ-सफाई के साथ थर्माेकॉल व प्लास्टिक के उपयोग को नगर निगम क्षेत्र अन्तर्गत पूर्ण रूप से प्रतिबंधित करने की दिशा में जमीनी स्तर पर कार्य करने का निदेश दिया। बैठक के दौरान उपरोक्त के अलावा उप विकास आयुक्त नवीन कुमार, नगर आयुक्त रोहित सिन्हा, सहायक नगर आयुक्त, सहायक जनसम्पर्क पदाधिकारी रोहित कुमार विद्यार्थी एवं संबंधित विभाग के अधिकारी आदि उपस्थित थे।




