आंदोलनरत विवि कर्मी का अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं तालाबंदी आंदोलन जारी
बिना सातवां वेतन की मांग पूरा किया नहीं होगा हड़ताल समाप्त:नेतलाल मिर्धा
दुमका। सातवें वेतनमान में वेतन भुगतान को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल एवं तालाबंदी आंदोलन द्वितीय चरण का आज दूसरे दिन मंगलवार को भी विश्वविद्यालय मुख्यालय सहित सभी अंगीभूत महाविद्यालयों के मुख्य द्वार पर ताला जड़ा रहा एवं सभी कार्यों को पूरी तरह ठप कर दिया गया। एक भी छात्र या शिक्षक विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश नहीं कर पाए। आंदोलन का आज 15वां दिन है और कर्मचारी अपने मांगो पर मुस्तैदी से डटे हुए हैं। एक ओर कर्मचारी पिछले 9 वर्षों से लंबित सातवें वेतन की मांग कर रहे हैं वहीं इनके जायज मांगों को नजरअंदाज करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन उत्तरपुस्तिकाओं के जांच में जुटी है। महासंघ के सचिव नेतलाल मिर्धा ने कहा कि किसी भी परिस्थिति में बिना सातवां वेतन लिए हड़ताल समाप्त नहीं होगा। प्रभारी कुलपति के कर्मचारी के हित से ज्यादा अन्य कार्यों पर सक्रिय होने की भावना को नेतलाल मिर्धा ने कर्मचारी विरोधी करार दिया। “प्रभारी कुलपति हमारी बुनियादी माँग के साथ मजाक कर रहे हैं जो विश्वविद्यालय की सेहत के लिए ठीक नहीं।” इसके दूरगामी परिणाम काफी चिंताजनक होंगे।




