नासिक । महाराष्ट्र के नासिक जिले के त्र्यंबकेश्वर तालुका के 19 साल के युवक भाऊ लाचके कुछ दिन पहले सड़क दुर्घटना में गंभीर रुप से घायल हो गया था। उसका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिजनों का आरोप है कि अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे ‘ब्रेन डेड’ घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे घर ले आए और अंतिम संस्कार की तैयारी में जुट गए।
मीडिया रिपोर्ट में परिजनों के मुताबिक जब अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी, तभी युवक अचानक हिलने-डुलने लगा और खांसने लगा। यह देखकर सभी हैरान रह गए। उसे तुरंत जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि उसकी हालत गंभीर है और उसे वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। युवक के एक रिश्तेदार ने बताया कि अंतिम संस्कार की तैयारी चल रही थी। तभी युवक अचानक हिला और खांसने लगा।
वहीं निजी अस्पताल में युवक का इलाज हो रहा था उस अस्पताल प्रबंधन ने परिवार के आरोपों को गलत बताया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि युवक भाऊ लाचके को कभी मृत घोषित नहीं किया गया था। उनका कहना है कि परिवारजन मेडिकल शब्दावली को लेकर भ्रमित हो गए। आमतौर पर ‘ब्रेन डेड’ का मतलब होता है कि रोगी का दिमाग काम करना बंद कर देता है और व्यक्ति जीवन के सामान्य कार्यों के लिए मशीनों पर निर्भर हो जाता है।
हालांकि कानूनी तौर पर इसे मौत के समान माना जाता है, लेकिन डॉक्टरों का कहना है कि इसे लेकर परिवारों में कई बार भ्रम की स्थिति बन जाती है। भाऊ लाचके का मामला भी अब उसी तरह का माना जा रहा है। परिजनों का कहना है कि यदि युवक अंतिम संस्कार से पहले हिला और खांसा, तो अस्पताल ने उन्हें ‘ब्रेन डेड’ बताकर गुमराह क्यों किया? वहीं, अस्पताल प्रशासन ने परिजनों के आरोपों का खारिज कर दिया और कि उन्होंने युवक को मृत नहीं बताया था।






