सरैयाहाट । सरकार के द्वारा सरकारी स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए निःशुल्क पाठ्य पुस्तकों को स्कूलों में बच्चों के देने के बजाय बाजार में बेचने का मामला सामने आया है। सरैयाहाट स्थित बीआरसी से कर्मियों की मिलीभगत से बच्चों को निःशुल्क मिलने वाली कॉपियां इन दिनों खुलेआम ऑफिस से सीधे बाजार तक पहुंच जा रहे हैं। ऐसा ही एक मामला गुरुवार की शाम देखने को मिला जब बीआरसी से एक बोरी में बंद सैकड़ों की संख्या में कॉपी निकाल ले जाया जा रहा था। इसी दौरान स्थानीय लोगों को जब इसकी जानकारी मिली तो उक्त कर्मी से बोरी को खोलने को कहा गया तो वह वहां से फरार हो गया। बोरी को खोलने पर उसके अंदर से स्कूलों में निःशुल्क मिलने वाली कॉपियां मिली। हालांकि शुक्रवार तक न विभाग से कोई पदाधिकारी और न ही उक्त कर्मी कॉपियों से भड़ी बोरी वापस लेने आया। ग्रामीणों ने पास के ही एक सैलून में उक्त कॉपियों को सुरक्षित रख दिया है। इस संबंध विभाग का कोई भी अधिकारी कुछ भी बताने को तैयार नहीं है।




