नगर निगम ने प्रधानमंत्री आवास योजना तृतीय घटक के तहत ऋण मेला का आयोजन किया
देवघर। बुधवार को नगर निगम कार्यालय में प्रधानमंत्री आवास योजना घटक-तीन के तहत ऋण मेला का आयोजन किया गया। इसमें नगर निगम के अग्रणी बैंक एवं किफायती आवास योजना से संबंधित लाभुकों ने हिस्सा लिया।
बैठक की अध्यक्षता नगर आयुक्त सह नगर प्रशासक रोहित सिन्हा ने की। मौके पर उन्होंने कहा कि इस योजना का मुख्य उद्देश्य प्रधानमंत्री आवास योजना घटक तीन के लाभुकों को आसान किस्त में लोन उपलब्ध कराना है। प्रधानमंत्री आवास योजना भारत सरकार एवं राज्य सरकार की अति महत्वपूर्ण योजना है। इसके तहत शहरी आवास विहीन लाभुकों को पक्का आवास उपलब्ध कराना है। योजना के अंतर्गत प्रति आवास की लागत 6.74 लाख है। आवास निर्माण के लिए भारत सरकार एवं राज्य सरकार की ओर से प्रति आवास 2.5 लाख रुपये उपलब्ध कराये जा रहे हैं। शेष राशि स्वयं लाभुक को वहन करना है अथवा बैंक के द्वारा लोन के माध्यम से जमा करना है। उन्होंने सभी बैंकों के प्रतिनिधियों को योजना के तहत लाभुकों को ऋण उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। इस मौक़े पर विधायक नारायण दास ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की स्वपनिल योजना का लाभ हर अंतिम लाभुकों तक पहुंच रहा है। बेघरों को आवास मिल रहा है। प्रधानमंत्री की योजनाएं गरीबों के लिए रामबाण साबित हो रही हैं। सरकार गरीबों के लिए प्राथमिकता के साथ काम कर रही है।
आवास मेला में भारी संख्या में लाभुक उपस्थित रहे। लगभग 370 लाभुक मौसम खराब एवम जितिया पर्व होने के बावजूद भी उपस्थित रहे। कार्यक्रम में पंजाब नेशनल बैंक द्वारा 2 लाभुकों को लोन सैंक्शन अमृत मिश्रा एवं रंजीता सिंह लेटर दिया गया। साथ ही वैसे 7 लाभुक जो अपने फ्लैट के कुल राशि 4.24 लाख रु का भुगतान कर चुके है उन्हे अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया।
कम ब्याज में मिल रहा है लोन:
बैंक की ओर से कम ब्याज दर पर आवास लोन उपलब्ध कराया जा रहा है। बैंक से लोन प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज- आवंटन पत्र की छायाप्रति, पेन कार्ड की छायाप्रति, आधार कार्ड की छायाप्रति, बैंक पासबुक की छायाप्रति, शपथ पत्र, 6 माह का बैंक स्टेटमेंट, आय प्रमाण पत्र, 3 पासपोर्ट साइज फोटो, जमा की गई राशि के रसीद की छायाप्रति लेकर आना है। बताते चले की ढाई लाख रुपये पीएम आवास योजना के तहत सब्सिडी मिलेगी,शेष राशि लाभुक को देनी है। एक फ्लैट का क्षेत्रफल 320 वर्गफीट होगा। कुल 320 वन बीएचके फ्लैट का निर्माण हुआ है। लाभुकों को आवास एवं जमीन का स्वामित्व 15 वर्षों के लाक इन पीरियड के बाद दिया जाएगा।
इस मौके पर लाभुक अमृत मिश्रा ने कहा कि
आशियाना के लिए लोन पाकर सपने साकार हुए। जल्द ही उम्मीद है चाबी मिलेगा और गृह प्रवेश कराया जाएगा।उन्होंने बताया कि सपनों में भी नहीं सोचा था कि किसी दिन वो अपने पक्के मकान में रहेगे। सरकार ने फ्लैट देकर सपने को सच कर दिया। उक्त कार्यक्रम उपरोक्त के अलावा उपनगर आयुक्त सागरी बराल, एलडीएम राजीव कुमार,पीएनबी शाखा प्रबंधक विपिन बिहारी सहाय,राज्य स्तरीय विशेषज्ञ फिरोज आलम,दीपक कुमार सहित सभी सहायक नगर आयुक्त,सभी नगर प्रबंधक, तकनीकी विशेषज्ञ,कम्युनिटी ऑर्गेनाइजर , विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि एवम सभी कार्यालय कर्मी उपस्थित थे।


