मामला पाकुड़ के डंगाल पाड़ा का, दुमका से मोबाइल लोकेशन के आधार पर पहुंची पुलिस
गोड्डा : दुर्गा पूजा के उल्लास के बीच लापता हुए दो मासूम बच्चों की तलाश गुरुवार को दर्दनाक अंत के साथ खत्म हुई। दुमका नगर थाना क्षेत्र से एक महिला के साथ लापता हुए चार वर्षीय बेटे और नौ वर्षीय भतीजे के शव गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र अंतर्गत सलगा टांड गांव के एक कुएं में मिले। घटना की सूचना मिलते ही दुमका और गोड्डा पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले में महिला को हिरासत में लिया है। हालांकि, दोनों बच्चों की मौत के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है।
पेट्रोल पंप से बच्चों को लेकर निकली थी महिला
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पाकुड़ जिले के महेशपुर थाना क्षेत्र के बलिया डंगाल गांव निवासी विक्रम सिंह ग्रीनलैंड वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड में चालक हैं। 19 अक्टूबर को वह अपनी कार से पत्नी राखी कुमारी, 4 वर्षीय बेटे आरब और 9 वर्षीय भतीजे आयुष कुमार के साथ दुमका आए थे। नगर थाना के सामने स्थित पेट्रोल पंप पर कार में पेट्रोल भरवाने के दौरान राखी दोनों बच्चों को धार्मिक स्थल पर दर्शन कराने की बात कहकर वहां से निकलीं। इसके बाद वह दोनों बच्चों के साथ लापता हो गईं।
पति की शिकायत पर दर्ज हुई अपहरण की प्राथमिकी
पत्नी और दोनों बच्चों का कोई सुराग नहीं मिलने पर विक्रम सिंह ने दुमका नगर थाना में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद पुलिस ने अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कर तलाश शुरू की। जांच के दौरान महिला के मोबाइल की लोकेशन गोड्डा जिले के पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र में मिलने की जानकारी सामने आई। इसके बाद दुमका पुलिस ने गोड्डा पुलिस के सहयोग से छानबीन तेज की और महिला को हिरासत में लिया।
कुएं में शव मिलने से इलाके में सनसनी
पुलिस की जांच के दौरान महिला की निशानदेही पर सलगा टांड गांव के एक कुएं में दोनों बच्चों के शव मिलने की बात सामने आई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मौके पर दुमका के एसडीपीओ समेत कई पुलिस पदाधिकारी और गोड्डा पुलिस के अधिकारी पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में दोनों शवों को कुएं से निकालने की कार्रवाई की गई। दोनों मासूमों की मौत किन परिस्थितियों में हुई और घटना के पीछे क्या वजह है, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अनुसंधान के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।


