बैद्यनाथ धाम और देवघर के तीर्थ पुरोहित समाज में खुशी, राष्ट्रीय स्तर पर मिला प्रतिनिधित्व
देवघर संताल एक्सप्रेस : अखिल भारतीय तीर्थ पुरोहित महासभा (रजि.) के राष्ट्रीय युवा संगठन में बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर के तीर्थ पुरोहित एवं पंडा धर्मरक्षिणी सभा, देवघर के वरिष्ठ उपाध्यक्ष चन्द्र शेखर खवाड़े को राष्ट्रीय महासचिव की जिम्मेदारी सौंपी गई है। नवरात्रि के पावन अवसर पर राष्ट्रीय युवा संगठन के पदाधिकारियों की नई सूची जारी होने के बाद देवघर के तीर्थ पुरोहित समाज में हर्ष का माहौल है। महासभा के राष्ट्रीय युवा अध्यक्ष अरविंद मुरलीधरन के नेतृत्व में घोषित नई सूची में देश के विभिन्न प्रमुख तीर्थस्थलों से जुड़े युवा पदाधिकारियों को महत्वपूर्ण दायित्व सौंपे गए हैं। चन्द्र शेखर खवाड़े की नियुक्ति से बाबा बैद्यनाथ धाम, देवघर को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व मिला है।
महासभा की ओर से जारी संदेश के अनुसार, विजयादशमी के पावन अवसर पर वरिष्ठ तीर्थ पुरोहितों के मार्गदर्शन और आशीर्वाद से संगठन को अधिक सशक्त,एकजुट एवं संगठित बनाने की दिशा में नई पहल की जा रही है। संगठन का मुख्य उद्देश्य तीर्थ पुरोहित समाज की धार्मिक परंपराओं एवं मान्यताओं का संरक्षण,समाज में एकता स्थापित करना और युवा पीढ़ी को संगठनात्मक गतिविधियों से जोड़ना है। द्वादश ज्योतिर्लिंग बाबा बैद्यनाथ धाम देश-विदेश के करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में महासभा के राष्ट्रीय युवा संगठन में देवघर को महत्वपूर्ण प्रतिनिधित्व मिलने से स्थानीय तीर्थ पुरोहित समाज की आवाज को व्यापक मंच मिलने की उम्मीद है। राष्ट्रीय महासचिव के रूप में चन्द्र शेखर खवाड़े तीर्थ पुरोहितों के हितों की रक्षा, धार्मिक परंपराओं के संरक्षण, युवा पुरोहितों के मार्गदर्शन तथा देश के विभिन्न तीर्थस्थलों के बीच समन्वय स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगे।
उनकी नियुक्ति को बाबा बैद्यनाथ धाम की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान को राष्ट्रीय स्तर पर और मजबूती प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


