पूर्वी सिंहभूम । पूर्वी सिंहभूम जिले के चाकुलिया थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना चाकुलिया-धालभूमगढ़ मुख्य सड़क पर स्थित जामडोल गांव के समीप की है। सड़क किनारे कदम के पेड़ से गमछे के सहारे शव लटका देखकर ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलने के बाद चाकुलिया थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पेड़ से नीचे उतारकर अपने कब्जे में ले लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों से मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया, लेकिन फिलहाल उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, शुक्रवार सुबह ग्रामीणों ने पेड़ से एक व्यक्ति का शव लटकते देखा था। इसके बाद गांव में चर्चा फैल गई और पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। घटना के बाद पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है। पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि व्यक्ति ने खुदकुशी की है या फिर उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटकाया गया है। मृतक की पहचान स्थापित करने के साथ-साथ घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


