संताल एक्सप्रेस प्रतिनिधि
पाकुड़ । केकेएम कॉलेज, पाकुड़ स्थित आदिवासी कल्याण बालक छात्रावास के छात्रों ने सिदो-कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय (एसकेएमयू) प्रशासन द्वारा स्नातक स्तर की सीटों में की गई कटौती का विरोध करते हुए कुलपति के नाम ज्ञापन सौंपा। छात्रों ने कहा कि सीटों में कमी से संताल परगना के हजारों गरीब, ग्रामीण, आदिवासी, दलित एवं पिछड़े वर्ग के विद्यार्थियों के उच्च शिक्षा प्राप्त करने के अवसर प्रभावित होंगे।ज्ञापन में कहा गया है कि विश्वविद्यालय की सीट निर्धारण अधिसूचना के अनुसार केकेएम कॉलेज, पाकुड़ में स्नातक स्तर की कुल सीटें 4800 से घटाकर 1800 कर दी गई हैं।
छात्रों ने कहा कि संताल परगना के अधिकांश परिवार खेती, मजदूरी और दैनिक श्रम पर निर्भर हैं। आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए दूसरे शहरों अथवा निजी संस्थानों में पढ़ाई करना संभव नहीं है। ऐसे में सरकारी महाविद्यालयों में सीटों की कमी का सबसे अधिक असर गरीब एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों पर पड़ेगा। ज्ञापन के माध्यम से छात्रों ने केकेएम कॉलेज में पूर्व निर्धारित सभी सीटों को तत्काल बहाल करने, वर्तमान शैक्षणिक सत्र में सभी योग्य छात्र-छात्राओं का नामांकन सुनिश्चित करने तथा संताल परगना के सभी महाविद्यालयों में छात्र संख्या के अनुरूप सीटों में वृद्धि करने की मांग की है।छात्रों ने चेतावनी दी कि यदि विश्वविद्यालय प्रशासन सीट कटौती का निर्णय वापस नहीं लेता है तो छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं जनप्रतिनिधियों के साथ लोकतांत्रिक एवं संवैधानिक तरीके से व्यापक जनआंदोलन करने को बाध्य होंगे। छात्रों ने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित एवं जनहित को ध्यान में रखते हुए पांच दिनों के भीतर सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग की है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


