पलामू । सड़क दुर्घटना में एक युवक की मौत हो गई। जबकि पांच लोग घायल हो गए।
स्थानीय लोगों से मिली जानकारी के अनुसार मामा की बेटी के तिलक समारोह से लौट रहे 33 वर्षीय धर्मेंद्र पाल की सड़क हादसे में मौत हो गई। कार (जेएच 01 जी एक्स 7027) में सवार पांच अन्य लोग घायल हुए, जिनमें से दो को रांची रेफर किया गया है। हादसा शनिवार अहले सुबह चार बजे मेदिनीनगर शहर थाना क्षेत्र के बिसफुट्टा पुल के पास हुआ।
धर्मेंद्र पाल विश्रामपुर थाना क्षेत्र के बघमनवा गांव के रहने वाले थे। वह सरयू पाल के बेटे थे। परिजनों के मुताबिक, धर्मेंद्र शुक्रवार रात रिश्तेदारों के साथ नावाबाजार थाना क्षेत्र के रबदा गांव से सतबरवा थाना क्षेत्र के पोलपोल गांव गए थे। वहां उनके मामा की बेटी का तिलक समारोह था।
समारोह के बाद सभी लोग किराये की कार से लौट रहे थे। बिसफुट्टा पुल के पास तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पेड़ से टकराई और पलट गई। धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
घायलों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे और सभी घायलों को इलाज के लिए मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले गए। वहां डॉक्टरों ने धर्मेंद्र को मृत घोषित कर दिया। दो घायलों मुकेश कुमार पाल एवं भरत कुमार पाल को प्राथमिक इलाज के बाद रांची रेफर किया गया।
इधर जानकारी मिली है कि चालक द्वारा तेजी एवं लापरवाही से कार चलाने के कारण हादसा हुआ। सूचना मिलने पर शहर थाना पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इधर एमएमसीएच पुलिस चौकी के महेंद्र कुमार एवं अन्य ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया, वहीं घायलों को रेफर करने में मदद की।
घटना के बाद से शादी की खुशियां मातम में बदल गई है। समारोह स्थल पर जहां मातम पसरा नजर आया, वहीं परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ था।






