●बरहेट से झामुमो प्रत्याशी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू को भाजपा में शामिल कराना रणनीति का हिस्सा
●अमर शहीद सिदो कान्हु मुर्मू के छठी पीढ़ी के वंशज हैं मंडल मुर्मू
●आदिवासी सुरक्षित सीटों पर भाजपा के पक्ष में प्रचार करेंगे मंडल मुर्मू
सुमन सिंह

दुमका । संताल परगना के 18 विधानसभा क्षेत्रों में दूसरे चरण में 20 नवम्बर को मतदान होना है।त्योहार चल रहे होने के कारण भी अभी चुनाव प्रचार अभियान बहुत जोर नहीं पकड़ा है।पर प्रमुख दलों के रणनीतिकार एवं प्रत्याशी चुनावी समीकरणों को अपने पक्ष में करने की दिशा में लगातार प्रयत्नशील हैं।एक -दूसरे दल के प्रमुख लोगों को अपने पक्ष में कर चुनावी समीकरण में उलटफेर करने की जुगत हो रही है।भाजपा ने बरहेट विधानसभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के प्रस्तावक मंडल मुर्मू को ही अपनी पार्टी में शामिल करा लिया।मंडल मुर्मू अमर शहीद सिदो और कान्हु मुर्मू के वंशज हैं।उन्हें भाजपा में ला कर मुख्यमंत्री के सामने भाजपा का प्रत्याशी के रूप में उतारने की तैयारी थी पर ऐसा नहीं हो सका। मंडल मुर्मू के भाजपा में शामिल हो जाने का बरहेट सीट पर बहुत प्रभाव पड़ने की संभावना कम ही है,पर भाजपा सिदो कान्हु के छठी पीढ़ी के इस वंशज का इस्तेमाल आदिवासी सुरक्षित दूसरी सीटों पर भी चुनाव प्रचार अभियान में करेगी।
इधर दुमका में पूर्व मंत्री डॉ. लुईस मरांडी के भाजपा छोड़ कर झामुमो में शामिल हो जाने के बाद उनके कई समर्थक झामुमो में शामिल हो गए हैं।उनके सहारे झामुमो दुमका के शहरी वोटरों के बीच पैठ बनाने के प्रयास में है।
/
हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.तुषार ज्योति झामुमो में शामिल
दुमका। दुमका के जाने माने हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ.तुषार ज्योति और फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. विपुल मंडल सोमवार को झामुमो में शामिल हो गए।उनके साथ दुमका शहर के कई अन्य सामाजिक कार्यकर्ताओं ने भी झामुमो का दामन थामा।खुद झामुमो विधायक एवं दुमका सीट से झामुमो प्रत्याशी बसंत सोरेन ने सभी को झामुमो का पट्टा पहना कर पार्टी में शामिल कराया गया।



