रांची। जेपीएससी प्रथम की टॉपर रहीं शालिनी विजय, उनके भाई मनीष विजय और मां शकुंतला अग्रवाल के शव केरल के कोच्चि स्थित कक्कनाड में बरामद हुए हैं। मनीष विजय कक्कनाड में केंद्रीय उत्पाद शुल्क के अतिरिक्त आयुक्त थे। मनीष विजय के ही सरकारी आवास से तीनों शव बरामद हुए हैं। आशंका जताई जा रही है कि मां की हत्या के बाद मनीष विजय और शालिनी विजय ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मां का शव बिस्तर पर पड़ा था, जबकि शालिनी विजय और उनके भाई का शव फांसी से लटक रहा था। यह हत्या या आत्महत्या, इस बिंदु पर केरल पुलिस छानबीन कर रही है। फिलहाल, इस घटना के पीछे के कारण अब तक स्पष्ट नहीं हो सके हैं। केरल पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिससे यह आशंका जताई जा रही है कि नौकरी से जुड़े आरोपों के चलते शालिनी विजय परेशान थीं।

जेपीएससी प्रथम में मेधा घोटाले में नाम आने के बाद शालिनी विजय परेशान थीं। वह पिछले दो साल से अपने भाई के पास केरल गईं थीं। वहां पहले से ही उनके भाई और उनकी मां रह रहे थे। मिली जानकारी के अनुसार, मनीष विजय पिछले एक सप्ताह से अपने कार्यालय नहीं जा रहे थे। उनके सहकर्मी जब घर पहुंचे तो घर से तेज दुर्गंध आ रही थी। इसके बाद सहकर्मियों ने पुलिस को सूचना दी और दरवाजा तोड़ा तो घर के भीतर मनीष विजय और उनकी बहन शालिनी विजय का शव फंदे से लटक रहा था। मां शकुंतला का शव बिस्तर पर पड़ा था। मां के शव पर फूल चढ़ाए गए थे। इससे यह आशंका जताई जा रही है कि मां की मौत पहले हुई और उसके बाद मनीष विजय और उनकी बहन शालिनी विजय ने आत्महत्या की। शव देखने से यह अनुमान लगाया गया कि उनकी मौत कुछ दिन पहले हुई थी, जिसके चलते शव सडऩे लगे थे। मनीष विजय वर्ष 2011 में आईआरएस अधिकारी बने थे। वे कोच्चि में पदस्थापित हुए थे। वे अपनी मां शकुंतला अग्रवाल के साथ रहते थे।
जेपीएससी-प्रथम में टॉपर रही शालिनी विजय यहां डिप्टी कलेक्टर रैंक पर कार्यरत रहीं थीं। जेपीएससी मेधा घोटाले की जांच की जद में आने के बाद शालिनी विजय परेशान थीं और लंबी छुट्टी पर अपने भाई के पास चलीं गईं थीं। जेपीएससी मेधा घोटाले की जांच कर रही सीबीआई ने उन्हें समन भी भेजा था। आशंका जताई जा रही है कि गिरफ्तारी के भय से पूरा परिवार परेशान था, इसलिए खुदकुशी की है। मिली जानकारी के अनुसार शालिनी को 15 फरवरी को सीबीआई के सामने प्रस्तुत होना था, इसका जिक्र मनीष ने अपने सहकर्मियों से भी किया था और बताया था कि अब शालिनी की नौकरी चली जाएगी। केरल से मिली सूचना के अनुसार मनीष और उनका परिवार पड़ोसियों के संपर्क में ज्यादा नहीं रहते थे। केरल पुलिस को उनके किचन में कुछ जले हुए दस्तावेज मिले हैं। उक्त दस्तावेज में क्या था, इसका पता नहीं चल पाया है। केरल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। मनीष विजय की एक बहन विदेश में रहती है। घटनास्थल से जो लिखित नोट मिला है, उसे सुसाइड नोट बताया जा रहा है, जिसमें लिखा है कि मामले की सूचना उसकी बड़ी बहन को दे दी जाय, जो विदेश में रहती हैं।
इस खबर को भी पढ़े- हेमंत सरकार के मंत्रियों को मिला बंगला
इस खबर को भी पढ़े- आदिवासी युवाओं को हर क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए ठोस कदम उठा रही सरकार : मुख्यमंत्री
इस खबर को भी पढ़े- 22 रेलवे स्टेशन से हुई करोड़ों की कमाई बैंक तक नहीं पहुंची





