जरमुंडी । जरमुंडी प्रखंड के विभिन्न नदी घाटों से अवैध बालू का उठाव कर डंप करके माफियाओं द्वारा बेचा जा रहा है। बालू माफिया सड़क निर्माण कंपनी को ऊंची कीमत पर भी बेच रहे है। प्रशासनिक सख्ती के बावजूद जरमुंडी व तालझारी थाना क्षेत्र में माफियाओं ने विभिन्न नदियों से अवैध उत्खनन कर धड़ल्ले से उठाव कर भंडारण शुरू कर दिया है। नदी से बालू का अवैध उत्खनन दिन रात जारी है। माफिया द्वारा बालू का उठाव कराकर सुरक्षित जगह पर डंप किया जा रहा है। बालू को अधिक दामों में बेचकर मुनाफा कमाया जा रहा है। इस कारण सुदूर क्षेत्रों में आबुआ आवास व प्रधानमंत्री आवास निर्माण करने वाले लाभुकों को आवास निर्माण कार्य में परेशानी हो रही है। थाना क्षेत्र के मोतीहारा नदी, टेपरा नदी, मयुराक्षी नदी, ठेकचाघोंघा बालू घाट, समेत कई घाटों से बालू के खनन पर रोक है। बावजूद इसके नियम कानून को ताक पर रख कर बालू का उठाव जारी है। प्रखंड में बालू का अवैध कारोबार रोक पाने में पुलिस प्रशासन हो या खनन विभाग पूरी तरह से विफल साबित हो रहा है। ग्रामीणों ने जरमुंडी के विधायक देवेंद्र कुंवर से अवैध बालू उठाव रोक पर कारवाई करवाने की मांग की है। बालू कारोबारियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई प्रखंड प्रशासन और ना ही जिला प्रशासन ने की है। सीओ संजय कुमार ने बताया कि बालू माफियाओं के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।




