पलामू । जिले के लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में 22 अगस्त 2025 को बरामद हुए अज्ञात शव की पहचान को लेकर चल रहा विवाद अब डीएनए जांच के बाद सुलझ गया है। जिस शव को झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव का मानकर उनके परिजनों ने अंतिम संस्कार कर दिया था, वह विजय उरांव का शव नहीं था। फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की डीएनए जांच रिपोर्ट में पुष्टि हुई है कि बरामद शव सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव निवासी सुदामा भूइयां का था।
डीएनए रिपोर्ट सामने आने के बाद पुलिस की शुरुआती जांच और शव की पहचान को लेकर नया मोड़ आ गया है। लेस्लीगंज थाना प्रभारी उत्तम कुमार राय ने शनिवार को बताया कि एफएसएल की रिपोर्ट पलामू पुलिस को प्राप्त हो गई है। रिपोर्ट में स्पष्ट है कि बरामद शव पुलिस जवान विजय उरांव का नहीं, बल्कि सुदामा भूइयां का है। अब रिपोर्ट के आधार पर पुलिस आगे की कार्रवाई करते हुए मामले की जांच नए सिरे से आगे बढ़ाएगी।

22 अगस्त 2025 को लेस्लीगंज थाना क्षेत्र में अज्ञात शव बरामद होने के बाद विजय उरांव के परिजनों ने पुलिस से संपर्क कर उसकी पहचान विजय के रूप में की थी। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया था, जिसके बाद हिंदू रीति-रिवाज से उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इसी बीच अंतिम संस्कार के कुछ समय बाद सतबरवा थाना क्षेत्र के कमरू गांव निवासी मंजू देवी थाने पहुंचीं और दावा किया कि बरामद शव उनके लापता पति सुदामा भूइयां का है। इसके बाद शव की पहचान को लेकर मामला उलझ गया और पुलिस ने वैज्ञानिक तरीके से इसकी पुष्टि कराने का निर्णय लिया। सितंबर 2025 में पुलिस ने पोस्टमार्टम के दौरान सुरक्षित रखे गए बिसरा और दोनों परिवारों के डीएनए नमूने जांच के लिए एफएसएल भेजे थे। अब प्राप्त रिपोर्ट में सुदामा भूइयां के शव होने की पुष्टि हुई है। झारखंड पुलिस के जवान विजय उरांव मुसाबनी में पदस्थापित थे। अगस्त 2025 में उनकी ड्यूटी देवघर के श्रावणी मेला में लगाई गई थी। ड्यूटी के दौरान आठ अगस्त 2025 को वह रेलवे स्टेशन से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। इसके बाद उनके परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की थी। वहीं, कमरू गांव निवासी सुदामा भूइयां 19 अगस्त 2025 से लापता थे।
उनकी पत्नी मंजू देवी ने सतबरवा थाने में उनके लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। बाद में लेस्लीगंज क्षेत्र से बरामद शव को लेकर दोनों परिवारों के दावे सामने आने के कारण मामला पेचीदा हो गया था।
डीएनए रिपोर्ट से यह स्पष्ट होने के बाद कि बरामद शव विजय उरांव का नहीं था, उनके परिजनों की चिंता और बढ़ गई है। शव की गलत पहचान के कारण विजय उरांव के परिजनों को सरकारी नियमानुसार मिलने वाला मुआवजा और अन्य राहत राशि भी अब तक नहीं मिल सकी है। परिजनों ने पलामू पुलिस को बताया है कि वे जल्द ही विभाग के उच्च अधिकारियों से मुलाकात करेंगे और विजय उरांव की तलाश तेज करने एवं उनकी सकुशल बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई की मांग करेंगे।



