नई दिल्ली । विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत बेंगलुरु में 24 दिसंबर से शुरू होने वाली आगामी विजय हजारे ट्रॉफी में दिल्ली की कप्तानी करेंगे। इस टीम में भारतीय टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली के साथ-साथ पूर्व गेंदबाज इशांत शर्मा के अलावा पिछले काफी समय से टीम से बाहर चल रहे नवदीप सैनी को भी शामिल किया गया है। इसके अलावा युवा तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर हर्षित राणा भी इस टीम से खेलेंगे। सीनियर पुरुष चयन समिति ने बैठक के बाद दिल्ली की टीम को अंतिम रूप दिया। इस बैठक में चयनकर्ता यशपाल सिंह, के. भास्कर पिल्लई और मनु नायर, मुख्य कोच सरनदीप सिंह, सीएसी सदस्य रॉबिन सिंह (जूनियर), सचिव अशोक शर्मा और संयुक्त सचिव अमित ग्रोवर भी शामिल हुए।
दिल्ली विजय हजारे ट्रॉफी में अपने पहले दो एलीट ग्रुप डी के मैच आंध्र और गुजरात के खिलाफ बेंगलुरु में खेलेगी। दिल्ली को अपने शेष 5 मैच बेंगलुरु के बाहरी इलाके में अलूर क्रिकेट मैदान में खेलने हैं।
कोहली ने अंतिम बार 2009/10 सीजन में दिल्ली की ओर से विजय हजारे ट्रॉफी खेली थी। इस टीम में ऑलराउंडर आयुष बडोनी उप-कप्तानी संभालेंगे। पहले दो मैचों के लिए टीम में अर्पित राणा, यश ढुल, सार्थक रंजन, प्रियांश आर्य, तेजस्वी सिंह, नीतीश राणा, ऋतिक शौकीन, हर्ष त्यागी, सिमरजीत सिंह, प्रिंस यादव, दिविज मेहरा, आयुष दोसेजा, वैभव कांडपाल, रोहन राणा और अनुज रावत को शामिल किया गया है।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


