गोड्डा :: जिला जज प्रथम पवन कुमार की अदालत ने जान मारने की नियत से गोली चलाकर घायल करने के तीन आरोपितों को सश्रम कारावास की सजा सुनाई। इसमें पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी राजकुमार ठाकुर पिता बद्री ठाकुर को दोषी पाकर आजीवन कारावास व 10,000 रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई। अर्थदंड का भुगतान नहीं करने पर तीन माह अतिरिक्त कारावास से दंडित किया गया। वहीं गांव के ही बद्री ठाकुर पिता मनीलाल ठाकुर एवं सरोज कुमार ठाकुर पिता बद्री ठाकुर को दोषी पाकर 10-10 वर्ष सश्रम कारावास व 10,000 रूपये अर्थदंड की सजा सुनाई गई। जुर्माना की राशि अदा नहीं करने पर तीन माह अतिरिक्त कारावास की सजा से दंडित किया गया। नगर थाना में दर्ज प्राथमिकी में पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर निवासी दिलीप कुमार ठाकुर, पिता जयनारायण ठाकुर ने कहा है कि वह वर्तमान में वह नगर थाना क्षेत्र के गंगटा खुर्द में रहते हैं। दिनांक 08 नवंबर 2018 को करीब आठ बजे रात जब वे परिसर के भीतर कुर्सी पर बैठे थे तभी मुख्य गेट का दरवाजा खुला हुआ था। अचानक तीन व्यक्ति मुंह को ढंककर अंदर घुसे और पिस्तौल से गोली चलाकर भाग गया। गोली उसके दाहिने कंधे पर लगी और खून बहने लगा और वहीं गिर गया। उनकी बोली से पहचान में आया कि पहला व्यक्ति बद्री ठाकुर है, दूसरा व्यक्ति जिसने गोली मारी उसका नाम राजकुमार ठाकुर, तीसरा व्यक्ति बद्री ठाकुर का बेटा था जिसका नाम उन्हें मालूम नहीं है। सभी पोड़ैयाहाट थाना क्षेत्र के बसंतपुर का निवासी है। गोली की आवाज सुनकर उसकी पत्नी रीना देवी व बच्चे घर के अंदर दौड़कर आए इसके बाद हल्ला करने पर स्थानीय लोग भी वहां आये। सूचना पर थाना पुलिस भी पहुंच गई और इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया गया। आरोपितों के साथ पूर्व से ही जमीन संबंधित विवाद चल रहा था। विचारण के दौरान अभियोजन की ओर से न्यायालय के समक्ष आठ गवाहों का परीक्षण कराया गया। उभय पक्षों की दलील सुनने के उपरांत न्यायालय ने तीनों को दोषी पाकर सजा सुनाई।



