उधवा झील में पहली बार दिखा स्पॉट बिल्लड पेलिकन पक्षी

साहिबगंज । झारखंड के साहिबगंज ज़िला स्थित उधवा झील में पहली बार दुर्लभ स्पॉट बिल्लड पेलिकन पक्षी देखा गया है। इसकी खोज तब हुई जब उधवा झील में उप वन परिसर पदाधिकारी इंद्रजीत कुमार व वन कर्मी कुंदन कुमार व अन्य झील का जायजा ले रहे थे। उक्त पक्षी भारत के गुजरात के कच्छ व आसपास के इलाकों में पाई जाती है। वहीं तमिलनाडु व आंध्र प्रदेश के पक्षी अभयारण्य में भी उक्त पक्षी देखी गई है। हजारीबाग के पक्षी विशेषज्ञ सत्य प्रकाश ( इंडियन बर्ड कॉन्सर्वेशन नेटवर्क राज्य सामन्यव्यक झारखंड ) बताते हैं कि उक्त पक्षी कुछ वर्ष पहले जादूगोड़ा, सिंहभूम में भी देखे गए हैं। ये पक्षी उधवा में पहली बार और झारखंड में दूसरी बार देखा गया है। ये पक्षी विलुप्त प्रायः की श्रेणी में हैं। ये बतख प्रजाति का बड़ा पक्षी है। इसके लंबे चोंच के नीचे थैली होती है। जिसकी मदद से ये मछली या अन्य भोजन करता है। हज़ारीबाग के बर्ड एक्सपर्ट श्री सत्य प्रकाश ने उधवा झील में पहली बार उक्त पक्षी के देखे जाने पर हर्ष व्यक्त करते हुए बताया कि भोजन, प्रजनन व प्रवास के लिए अनुकूल उधवा झील दुनिया भर के दुर्लभ पक्षियों को अपनी ओर आकर्षित कर रहा है। वन विभाग लगातार उधवा झील को पक्षियों के लिए अनुकूल बनाने और उसे विकसित करने के लिए काम कर रहा है।



