देवघर नगर निकाय चुनाव: मेयर प्रत्याशी नागेंद्र नाथ का जनसंपर्क
देवघर:-देवघर में नगर निकाय चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इसी क्रम में मेयर प्रत्याशी एवं समाजसेवी नागेंद्र नाथ बलियासे ने नगर निगम क्षेत्र में आज जनसंपर्क अभियान चलाया। बाबा बैद्यनाथ धाम परिसर से शुरू होकर अम्बेगाडेन, सत्संग आश्रम सहित कई वार्डों में उन्होंने घर-घर दस्तक दी और नागरिकों से सीधे संवाद किया। जनसंपर्क के दौरान श्री बलियासे ने शहर की सड़क, नाली, पेयजल, स्वच्छता, स्ट्रीट लाइट और रोजगार जैसे ज्वलंत मुद्दों पर लोगों की समस्याएं सुनीं और त्वरित समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि देवघर की पहचान धार्मिक नगरी के साथ-साथ एक स्वच्छ, सुरक्षित और विकसित शहर के रूप में स्थापित करना उनकी प्राथमिकता है। स्थानीय नागरिकों ने उनके व्यवहारिक दृष्टिकोण और समाजसेवी पृष्ठभूमि की सराहना करते हुए खुलकर समर्थन जताया। जगह-जगह कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत किया। युवाओं और महिलाओं में विशेष उत्साह देखा गया। श्री बलियासे ने भरोसा दिलाया कि जनता का विश्वास उनके लिए सबसे बड़ी पूंजी है और जीत के बाद वे पारदर्शी प्रशासन,जनसहभागिता और विकास को नई गति देंगे। अभियान के दौरान उनके साथ बड़ी संख्या में समर्थक मौजूद रहे,जिससे माहौल पूरी तरह चुनावी रंग में रंगा नजर आया।


