किसानों को हुए नुकसान की भरपाई एवं अन्य मांगों के संबंध में सौपा ज्ञापन
देवघर। समाहरणालय के निकट सोमवार को भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा का एक दिवसीय धरना प्रदर्शन भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ रवानी की अध्यक्षता में की गयी। धरना प्रदर्शन करते हुए डीसी के माध्यम से अत्यधिक वर्षा के कारण किसानों को हुए नुकसान की भरपाई एवं अन्य मांगों के संबंध में ज्ञापन झारखंड प्रदेश के राज्यपाल को भेजा गया। मांगों के संबंध में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ने कहा कि इस वर्ष मानसून के दौरान झारखंड प्रदेश में औसत से अधिक वर्षा के कारण प्रदेश के किसानों को भारी आर्थिक नुकसान का सामना करना पड़ा है। किसानों के फसलों को अत्यधिक क्षति पहुंची है। विशेषकर सब्जी की खेती करने वाले किसान अत्यधिक प्रभावित हुए हैं। उन्होंने कहा कि सब्जी की खेती में हुए नुकसान की भरपाई, धान अधिप्राप्ति पर बोनस, रबी सीजन के बीज पर 90 प्रतिशत अनुदान, मिलेट्स-श्रीअन्न बीज की सुलभता एवं प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ के संबंध में झारखंड राज्य के राज्यपाल को डीसी के माध्यम से ज्ञापन भेजा गया। उन्होंने कहा कि काफी संख्या में किसान प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के लाभ से वंचित रह गए हैं। क्योंकि उनकी भूमि का लैंड सीडिंग प्रक्रिया पूरी नहीं हो पायी है। अत: पंचायत स्तर पर विशेष शिविरों का आयोजन कर इस समस्या का समाधान किया जाए और सभी पात्र किसानों को योजना का लाभ दिलाया जाए सहित अन्य मांग शामिल है। इस साथ ही उन्होंने कहा कि ज्ञापन के माध्यम से झारखंड प्रदेश के राज्यपाल से अनुरोध किया गया है कि मांगों पर शीघ्र संज्ञान लेते हुए त्वरित कार्रवाई की जाए। ताकि किसानों को तुरंत राहत मिल सके और वे अपनी कृषि कार्यों को पुन: स्थापित कर सकें। इस अवसर पर भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष विश्वनाथ रवानी, भाजपा जिलाध्यक्ष सचिन रवानी, जुनियर बाबुलाल मरांडी, अधीर भैया, डॉ.राजीव रंजन सिंह, संजीव जजवाड़े, धनंजय खवाड़े, चन्द्रशेखर खवाड़े, दिलीप सिंह, मोहन कुमार, बबलु सिंह, महेन्द्र वर्मा, विनीता पासवान, तुफान महथा, पंकज सिंह भदोरिया, हरि यादव, ईश्वर राय, विश्वनाथ राउत, उमाशंकर प्रजापति, महादेव पंडित, सावित्री देवी, रमेश राय सहित काफी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

