– मधुपुर के पहाड़पुर फौजी मोड़ पर बंद घर का ताला तोड़कर सोने-चांदी के आभूषण और 20 हजार रुपये नकद चोरी
– पड़ोसी की सतर्कता से दो संदिग्ध ग्रामीणों के हत्थे चढ़े
देवघर । झारखंड के देवघर जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र में चोरों ने सेना के एक जवान के बंद घर को निशाना बनाया। पहाड़पुर फौजी मोड़ के पास भारतीय सेना में कार्यरत अब्दुल रज्जाक के घर का ताला तोड़कर चोर सोने-चांदी के आभूषण, 20 हजार रुपये नकद और अन्य सामान लेकर फरार हो गए। हालांकि, पड़ोसी युवक की सतर्कता से दो संदिग्धों को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया गया।
जवान की पत्नी इशरत जबीन के अनुसार, परिवार घर में ताला लगाकर रिश्तेदारी में गया था। इसी दौरान चोर मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और अलमारी से कीमती सामान निकालने लगे। घर के पास रहने वाले अली उमर ने दरवाजे का टूटा ताला देखा तो उसे अनहोनी की आशंका हुई। उसने शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया और घर का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया। घिर जाने पर संदिग्ध छत से कूदकर भागने लगे। इस दौरान एक संदिग्ध के घायल होने की बात सामने आई है। ग्रामीणों ने दो लोगों को पकड़ लिया, जबकि एक अन्य व्यक्ति चोरी का सामान लेकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर मधुपुर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि चोरी में कितने लोग शामिल थे और चोरी गया सामान कहां है। जवान की पत्नी ने थाने में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस आवेदन के आधार पर मामले की जांच कर रही है। चोरी गए सामान की बरामदगी और संदिग्धों की भूमिका को लेकर स्थिति जांच पूरी होने के बाद स्पष्ट होगी।


