संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़)। थाना क्षेत्र के आलूबेड़ा-अमड़ापाड़ा कोयला परिवहन सड़क पर रांगा केवट टोला के समीप बीते शुक्रवार को कोयला कंपनी बीजीआर में बतौर पीएसओ कार्यरत एक कर्मी से लोडेड मैग्जीन सहित 40 हजार रुपया छीन लेने का मामला प्रकाश में आया था। इसे लेकर पीड़ित पीएसओ मुरारी कुमार के लिखित शिकायत पर थाना कांड संख्या 64/24 दर्ज कर लिया गया था। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अमड़ापाड़ा पुलिस ने कांड के नामजद आरोपी सुरेश केवट को शनिवार को देर शाम रांगा केवट टोला से गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। कोयला कंपनी बीजीआर में कार्यरत पीएसओ मुरारी कुमार के अनुसार शुक्रवार को वह कोयला परिवहन सड़क होते हुए अमड़ापाड़ा की ओर आ रहा था। इसी बीच जब वो दोपहर 12 बजे रांगा केवट टोला पहुंचा तो देखा कि सुरेश केवट सहित अन्य तीन चार लोग कोयला परिवहन कार्य में लगे डम्परों को रोककर जबरन पैसा उगाही कर रहे थे। पीएसओ अपनी गाड़ी से उतरकर सभी को समझाने के लिए गया तो सुरेश केवट सहित अन्य ने मुरारी कुमार को गाली गलौज करते हुए उसके साथ मारपीट करने लगे। इसी दौरान उनके पॉकेट में रखा 40 हजार रुपया भी छीन लिया गया और कमर में रखे लाइसेंसी पिस्टल को भी छिनने का प्रयास करने लगे। इस बीच उन लोगों ने लोडेड मैग्जीन भी छीन लिया। पुलिस अन्य अभियुक्तों की गिरफ्तारी करने में जुट गई है साथ ही मैग्जीन को भी बरामद करने का प्रयास किया जा रहा है।


