संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । थाना क्षेत्र के पचुवाड़ा टाटी टोला के समीप बीते 11 नवम्बर को हुई 21 वर्षीय सलोमी मुर्मू हत्याकांड का पुलिस ने मंगलवार को खुलासा किया। इस संबंध में एसडीपीओ विजय कुमार ने अमड़ापाड़ा थाना में प्रेस कांफ्रेंस कर पूरे मामले की जानकारी दी। एसडीपीओ विजय कुमार ने बताया कि बीते 13 नवंबर को पुलिस को कठालडीह के टाटी टोला में पानी से भरे खेत में गला रेता हुआ और पैर बंधा हुआ महिला का शव बरामद हुआ था। इस मामले में मृतका के पति वकील सोरेन के बयान पर हत्या का मामला दर्ज हुआ था। मामले में उद्भेदन करते हुए पुलिस ने मृत महिला सलोनी मुर्मु (21) की बड़ी सौतन चुड़की मराण्डी को गिरफ्तार कर मंगलवार को जेल भेज दिया। एसडीपीओ ने बताया कि गिरफ्तार चुड़की मराण्डी के निशानदेही पर मृतिका का मोबाइल, खून से सना हुआ मिट्टी व एक अन्य मोबाईल जब्त किया गया है। गिरफ्तार चुड़की मराण्डी ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। उसने पुलिस को बताया कि पचुवाड़ा के एक व्यक्ति शिकार टुडु के साथ मिलकर हत्या की साजिश रची और हत्या के बाद शव को पानी से भरे खेत में फेंक दिया। कांड में चुड़की मरांडी का साथ देने वाला शिकार किस्कू का आपराधिक इतिहास रहा है। उसने बताया कि उसे ऐसा लगता था कि सलोनी उसे मरवा देगी और इससे पहले उसने सलोनी को ही शिकार किस्कू के साथ मिलकर मौत के घाट उतार दिया। सलोनी और चुड़की दोनों से ही शिकार टुडु की जान पहचान थी। हालांकि पुलिस अन्य बिंदुओं पर भी जांच कर रही है और शिकार किस्कू के गिरफ्तारी के बाद अन्य पहलुओं से भी पर्दा उठने की उम्मीद है। मामले के उद्भेदन में टेक्निकल सेल की भूमिका अहम रही।
पति ने थाना में दिया था आवेदन:- बीते 11 नवम्बर को सलोनी मुर्मु शाम में कठालडीह से पचुवाड़ा एक धर्म सभा में सम्मिलित होने के लिए पहुंची थी लेकिन उसके बाद वो घर नहीं लौटी। काफी खोजबीन के बाद पति वकील सोरेन ने सलोनी के गुमशुदगी का आवेदन थाना में दिया था। वहीं 13 नवम्बर को टाटी टोला के एक पानी से भरे खेत से सलोनी का गला रेता हुआ और पैर बंधा हुआ शव बरामद हुआ था। मामले में अमड़ापाड़ा पुलिस के द्वारा थाना कांड संख्या 68/24 दर्ज किया गया था।
किया गया था एसआईटी का गठन:- एसडीपीओ विजय कुमार ने बताया कि एसपी के निर्देश पर हत्या कांड के उद्भेदन के लिए पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा के नेतृत्व में एसआईटी का गठन किया गया था। गठित एसआईटी में थाना प्रभारी के अलावा एसआई अरविंद मंडल, अजय कुमार महतो, श्रीचाँद किस्कु शामिल थे।



