संताल एक्सप्रेस संवाददाता
अमड़ापाड़ा(पाकुड़) । थाना क्षेत्र में दो अलग अलग नाबालिग युवक एवं युवती के लापता होने का मामला सामने आया है। लापता हुई नाबालिग युवती के परिजनों एवं युवती की मां ने बताया कि मेरी पुत्री रविवार की शाम करीब चार बजे घर से बाजार दूध देने अपनी छोटी बहन के साथ गयी थी। वहीं बाजार से घर वापस आने के दौरान पहाड़ पर बने आश्रम विद्यालय के पास मेरी बेटी को करीब तीन से चार युवक जबरन पकड़ कर कहीं लेकर चले गए। मेरी छोटी बेटी किसी तरह से बचकर घर आई और घटना की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन एवं ग्रामीण मिलकर आस-पास खोजबीन करने लगे। लेकिन रविवार शाम तक युवती का कोई सुराग नहीं मिल सका। इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी गयी। सूचना मिलते ही पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारियों ने रात भर युवती की बरामदगी को लेकर खोजबीन की। वहीं युवती के मोबाईल को भी पुलिस के द्वारा ट्रेस किया जा रहा था। इधर युवती के गायब होने के बाद सोमवार को नाराज ग्रामीणों ने टुयुटोला के समीप कोयला परिवहन सड़क को जाम कर दिया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस के द्वारा लड़की को सही सलामत बरामद कर लिया गया। इसके बाद ग्रामीणों ने सड़क जाम समाप्त कर दिया। इस संबंध में थाना प्रभारी अनूप रौशन भेंगरा ने बताया कि लड़की को बरामद कर लिया गया है। वहीं लड़की को साथ लेकर जाने वाला युवक सोनू तुरी फरार हो गया है। खबर भेजे जाने तक पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी थी। जबकि दूसरी घटना स्थानीय बाजार के पोखरिया रोड़ निवासी टुनटुन भगत के पुत्र अंकित कुमार की गुमशुदगी से जुड़ा है। अंकित कुमार नामक युवक रविवार की सुबह करीब आठ बजे से ही गायब है। जिसकी खोजबीन के बावजूद कुछ भी पता नहीं चल पाया है। सोमवार की शाम परिजनों ने लड़के के द्वारा लिखे नोट को थाना के सुपुर्द किया जिसमें उसने स्वेच्छा से घर से जाने की बात लिखी है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।



