गोड्डा : आगामी विधानसभा आम चुनाव के मद्देनजर वरीय पदाधिकारी के निर्देशानुसार पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार केरकेट्टा, बोआरीजोर थाना, थाना प्रभारी, जिला गोड्डा के अन्य पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के साथ थाना क्षेत्र में आसूचना संकलन, बूथों के निरीक्षण हेतु भ्रमणशील थे। इसी क्रम में जब प्राथमिक विद्यालय कोर्टिका के पास पहुँचे तो सामने से एक लाल रंग के मोटरसाईकिल पर सवार एक व्यक्ति आता हुआ दिखायी दिया, जो अचानक पुलिस गाड़ी को देखकर तेज गति से मोटरसाईकिल घुमाकर भागने का प्रयास करने लगा। मोटरसाईकिल घुमाने के क्रम में उक्त व्यक्ति मोटरसाईकिल सहित फिसलकर रोड पर गिर गया वहाँ से जंगल की ओर भागने लगा। जिसे पुलिस बल द्वारा दौड़ाकर पकड़ने का प्रयास किया गया किन्तु वह जंगल-झाड़ी एवं अंधेरा का लाभ उठाकर भागने में सफल रहा। तत्पश्चात उस व्यक्ति के द्वारा छोड़े गए मोटरसाईकिल की जाँच करने पर उक्त बिना पंजीकरण के मोटरसाईकिल के सीट के नीचे से एक अवैध लोडेड देशी कट्टा बरामद किया गया एवं उक्त मोटरसाईकिल को जप्त किया गया। जिस सन्दर्भ में बोआरीजोर थाना में अज्ञात के विरूद्ध मामला दर्ज किया गया है। उक्त छापामारी के दौरान एक देशी कट्टा, 303 एमएम का एक जिन्दा गोली, एक हीरो होण्डा सी०डी० डिलक्स मोटरसाइकिल बरामद किया गया। वहीं छापेमारी दल में पुलिस अवर निरीक्षक विजय कुमार केरकेट्टा, थाना प्रभारी, बोआरीजोर, पुलिस अवर निरीक्षक अंकित कुमार झा, बोआरीजोर थाना, सहायक अवर निरीक्षक सिरिल सोरेन, बोआरीजोर थाना एवं बोआरीजोर थाना के सशस्त्र बल मौजूद थे।



