घटना के बाद पुलिस ने बढ़ाई सुरक्षा, इलाके में फ्लैग मार्च और गश्ती
देवघर। जिले के मधुपुर थाना क्षेत्र के लालगढ़ में गुरुवार को मंदिर जीर्णोद्धार को लेकर हुए विवाद के बाद पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। घटना के बाद इलाके में तनाव के मद्देनजर टेंट लगाकर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। शुक्रवार को सारठ एसडीपीओ रंजीत लकड़ा और मधुपुर एसडीपीओ सत्येंद्र प्रसाद के नेतृत्व में पुलिस कैंप लगाकर लगातार निगरानी रखी। विवाद में घायल पीड़िता वेली देवी के बयान पर मधुपुर थाना में 32 नामजद और 100 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने सघन छापेमारी कर 8 लोगों को हिरासत में लिया है।
प्रशासन ने आम जनता से शांति बनाए रखने और अफवाहों से दूर रहने की अपील की है। फिलहाल क्षेत्र में माहौल शांत है, लेकिन पूरे इलाके में विरानगी देखी जा रही है। पुलिस लगातार गश्ती कर रही है और शुक्रवार सुबह इलाके में फ्लैग मार्च किया गया। अधिकारियों ने लोगों से शांति और सद्भाव बनाए रखने का अनुरोध किया और कानून-व्यवस्था को मजबूत करने का भरोसा दिया। प्रशासन का यह कदम स्थानीय स्तर पर शांति स्थापित करने की दिशा में सक्रिय पहल माना जा रहा है।


