सरैयाहाट। सरैयाहाट थाना क्षेत्र के पथरिया गांव में छठ पर्व के हर्षोल्लास के बीच खरना का प्रसाद वितरण के दौरान सर्पदंश से एक सत्रह वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। किशोरी की मौत से छठ का भक्तिमय माहौल गम में बदल गया और पूरे गांव में मातमी सन्नाटा छा गया। जानकारी के अनुसार बुधवार की रात्रि करीब आठ बजे खरना का प्रसाद वितरण के दौरान पुतुल कुमारी(17) पिता स्वर्गीय पीतांबर सिंह को जहरीले करैत सांप ने काट लिया। जिसके बाद परिजनों के द्वारा उसे झाड़ फूंक के लिए इधर उधर ले जाया गय। लेकिन देर रात जब उसकी हालत बिगड़ने लगी तो उसे मर्सी हॉस्पिटल पोड़ैयाहाट ले जाया गया जहां इलाज के क्रम में उसकी मौत हो गई। बताया जाता है की झाड़ फूंक के चक्कर में ही काफी समय निकल गया। अगर समय पर उसे अस्पताल ले जाया जाता तो उसकी जान बच सकती थी। गुरुवार को पोस्टमार्टम के बाद किशोरी का अंतिम संस्कार कर दिया गया।




