नई दिल्ली । पोको कंपनी दो नए मॉडल, पोको एम 8 पावर और पोको एकस 8 लॉन्च करने की तैयारी में है। ये दोनों स्मार्टफोन रेडमी नोट 17 और रेडमी नोट 17 प्रो के रीब्रांडेड वर्जन होंगे, जिसका अर्थ है कि इनमें समान आंतरिक स्पेसिफिकेशन्स होंगे, लेकिन बाहरी डिजाइन और ब्रांडिंग पोको के तहत होगी। जानकारी के मुताबिक, पोको इन दोनों स्मार्टफोन को इसी तिमाही (क्वार्टर) में भारत में लॉन्च कर सकता है, हालांकि कंपनी ने अभी तक आधिकारिक लॉन्च डेट की घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि भारत में इनकी कीमतें चीन के रेडमी मॉडल्स के मुकाबले थोड़ी अधिक हो सकती हैं। पोको एक्स8 में पीछे की तरफ 50एमपी का मुख्य कैमरा और 2एमपी का डेप्थ सेंसर मिल सकता है, जो चीन में लॉन्च हुए रेडमी नोट 17 प्रो के कैमरा सेटअप के समान है।
हालांकि, कुछ बाजारों में रेडमी नोट 17 प्रो के साथ 8एमपी का अल्ट्रा-वाइड कैमरा भी उपलब्ध है, इसलिए भारत के लिए सटीक कैमरा सेटअप लॉन्च के बाद ही स्पष्ट होगा। वहीं, पोको एम8 पावर को चीन में लॉन्च हुए रेडमी नोट 17 का रीब्रांडेड वर्जन माना जा रहा है। इस फोन में स्नैपड्रैगन 4 जेन 4 प्रोसेसर और एक विशाल 8000 एमएएच की बैटरी मिलने की उम्मीद है, जो शक्तिशाली परफॉर्मेंस और लंबी बैटरी लाइफ का वादा करती है। चीन में रेडमी नोट 17 की शुरुआती कीमत लगभग रूपए 18,000 थी।


