दुमका। दुमका सांसद नलिन सोरेन, शिकारीपाड़ा से झामुमो विधायक आलोक कुमार सोरेन, जिला शिक्षा अधीक्षक आशीष कुमार हेम्ब्रम व जिला परिषद अध्यक्षा जोयस बेसरा ने शनिवार को संयुक्त रूप से काठीकुंड प्रखंड स्थित चंद्रपुरा संत तेरेसा विद्यालय में आयोजित अभिभावक दिवस का दीप प्रज्ज्वलित कर उद्घाटन किया। मौके पर स्कूली बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर विद्यार्थियों ने स्वागत गीत के साथ रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। अभिभावकों ने बच्चों के साथ नाच कर इस दिन को ओर यादगार बना दिया। मौके पर सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि माता-पिता शिक्षा के महत्व से अवगत हैं, इसलिए वे अपने अपने बच्चों को स्कूल भेजने वाले पहले व्यक्ति हैं। बच्चों को अच्छी परवरिश, अच्छी शिक्षा देना हर अभिभावक का कर्तव्य है। विधायक आलोक सोरेन ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया| अवसर पर प्रेसिडेंट सिस्टर स्कोलिस्टिका, प्रिंसिपल सिस्टर स्मृति के साथ तमाम सिस्टर, संत तेरेसा स्कूल परिवार तथा सभी बच्चों के अभिभावकों उपस्थित थे।



