आमपाड़ा में बड़ी संख्या में महिलाओं व ग्रामीणों ने थामा झामुमो का दामन
रामगढ़ । विधानसभा चुनाव में जैसे जैसे मतदान की तिथि नजदीक आती जा रही है वैसे-वैसे चुनावी सरगर्मियां भी बढ़ती जा रही है| जामा विधानसभा सीट पर वर्चस्व कायम करने के लिए झामुमो और भाजपा ने एड़ी चोटी का जोर लगा दिया है| रविवार को जामा विधानसभा क्षेत्र से झामुमो प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी ने रामगढ़ प्रखंड के भतुडिया ए, बौडिया, नौखेता पथरिया पंचायत के लावरती तथा अमडापहाडी पंचायत के आमपाड़ा में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से समर्थन मांगा। मौके पर आमपाड़ा गांव में छोटे लाल मंडल के नेतृत्व में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए डॉ मरांडी ने हेमंत सोरेन सरकार के कार्यकाल में किए गए जन उपयोगी कार्यो मंईया सम्मान योजना, सर्वजन पेंशन, सावित्रीबाई फूले, बिजली बिल माफ सहित विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए कहा कि अभी बहुत सारे काम करना बाकी है।

आप सभी मतदाताओं से अपील है कि फिर से एक बार अपना आशीर्वाद देकर झारखंड में हेमंत सोरेन की सरकार बनाएं। झारखंड का भला सिर्फ़ गठबंधन की सरकार ही कर सकती है। इस दौरान काफी संख्या में महिलाओं सहित ग्रामीणों ने झामुमो की सदस्यता ग्रहण की। सभी को प्रखंड अध्यक्ष शिवलाल मरांडी, सचिव नन्दलाल राउत, छोटेलाल मंडल आदि ने पार्टी का पट्टा पहनाकर स्वागत किया। इधर विगत लोकसभा चुनाव के दौरान झामुमो झोड़कर भाजपा में शामिल हुए करीब दो दर्जन कार्यकर्ताओं को पार्टी उपाध्यक्ष दिवाकर मंडल के नेतृत्व में फिर से घर वापसी कराते हुए झामुमो में शामिल कराया गया। बता दें कि दूसरे चरण में 20 नवंबर को होने वाले चुनाव में जामा विधानसभा मे भाजपा तथा झामुमो में सीधा मुकाबला होने की संभावना है। देखा जाए तो कभी झामुमो के सक्रिय कार्यकर्ता रहे रामकृष्ण हेम्बरम तथा बीनू बेरोनिका मुर्मू के भी निर्दलीय चुनाव मैदान में डटे रहने से प्रत्याशियों की मुश्किलें बढ़ा दी है। कार्यक्रम में मुख्य रूप से जिला परिषद उपाध्यक्ष सुधीर मंडल, मुखिया कालीचरण पहाड़िया, पंसस कमलू गृही, प्रेमचंद मंडल सहित काफी संख्या में कार्यकर्ता व ग्रामीण मौजूद थे|



