लारा सुपर तापीय परियोजना के तीसरे चरण के लिए बोर्ड ने दी स्वीकृति
नई दिल्ली । सार्वजनिक क्षेत्र की अग्रणी बिजली कंपनी एनटीपीसी ने छत्तीसगढ़ में बिजली उत्पादन क्षमता बढ़ाने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाया है। कंपनी के निदेशक मंडल ने 1,600 मेगावाट क्षमता वाली लारा सुपर तापीय विद्युत परियोजना के तीसरे चरण के लिए 20,456.70 करोड़ रुपये के भारी-भरकम निवेश प्रस्ताव को हरी झंडी दे दी है। कंपनी ने शेयर बाजार को दी सूचना में बताया कि निदेशक मंडल की 11 जुलाई को हुई बैठक में इस महत्वपूर्ण निर्णय पर मुहर लगाई गई। यह विस्तार परियोजना न केवल देश में बिजली उत्पादन क्षमता को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी, बल्कि बिजली ग्रिड में तापीय और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोतों के बेहतर समायोजन में भी मदद करेगी। एनटीपीसी का यह निवेश देश की बढ़ती ऊर्जा जरूरतों को पूरा करने और भविष्य के ऊर्जा परिदृश्य को मजबूत करने की कंपनी की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।


