रांची । नक्सलियों के खिलाफ अभियान में झारखंड पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन पीपुल्स लिबरेशन फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएलएफआई) के सुप्रीमो और 15 लाख के इनामी नक्सली मार्टिन केरकेट्टा को पुलिस ने गुमला जिले में मंगलवार देर रात मुठभेड़ में ढेर कर दिया। मार्टिन पिछले दो दशकों से गुमला, खूंटी, सिमडेगा, लोहरदगा और रांची जिले में आतंक फैला रहा था। वह 70 से भी ज्यादा हिंसक और नक्सली वारदातों में वांटेड था।
मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक गुमला एसपी को इनपुट मिला था कि मार्टिन के साथ नक्सलियों का एक हथियारबंद दस्ता चंगाबाड़ी ऊपरटोली में एक कारोबारी से रंगदारी वसूली के लिए गया है। सूचना मिलते ही पुलिस ने एक विशेष टीम का गठन किया और इलाके की घेराबंदी की। पुलिस को आता देख मार्टिन और उसके साथियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में मार्टिन मौके पर ही मारा गया। मुठभेड़ स्थल से हथियार भी बरामद हुए हैं। ऑपरेशन में गुमला जिले की एंटी नक्सली क्यूआरटी और दो थाना क्षेत्रों की पुलिस शामिल थी।
बता दे मार्टिन के मारे जाने के बाद इलाके में पुलिस और सुरक्षा बलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। मार्टिन केरकेट्टा मूल रूप से कामडारा के रेड़मा गांव का रहने वाला था। वह पीएलएफआई के पूर्व प्रमुख दिनेश गोप का करीबी था और शुरुआती दिनों से ही संगठन से जुड़ा था। दो साल पहले दिनेश गोप की नेपाल से गिरफ्तारी के बाद मार्टिन को संगठन की कमान सौंपी गई थी। मार्टिन पीएलएफआई की केंद्रीय समिति का सदस्य भी था और रंगदारी वसूली समेत कई उग्रवादी घटनाओं में शामिल था। इसके पहले भी वह दो-तीन बार पुलिस के साथ मुठभेड़ में बच निकलने में कामयाब रहा था।




