●झामुमो ने शिकारीपाड़ा,जामा, सारठ,लिट्टीपाड़ा,बोरियो और राजमहल सीट पर नए चेहरे को उतारा
●भाजपा ने दुमका, जामताड़ा,बोरियो और बरहेट में नया प्रत्याशी दिया, कांग्रेस ने सिर्फ पाकुड़ में प्रत्याशी बदला

सुमन सिंह
दुमका।झारखंड विधान सभा चुनाव के दूसरे चरण के लिए नामांकन का पर्चा भरने का काम मंगलवार को पूरा हो गया।संताल परगना के 18 विधान सभा सीटों में एक लिट्टीपाड़ा से विधायक दिनेश विलियम मरांडी को छोड़ कर सभी दलों के सिटिंग विधायक अपने-अपने दल से नामांकन का पर्चा भरा है।स्व.साइमन मरांडी के बेटे दिनेश विलियम मरांडी का टिकट काट कर झामुमो ने हेमलाल मुर्मू को प्रत्याशी बनाया है।इसके विरोध में दिनेश विलियम मरांडी ने झामुमो से बगावत कर दिया है।इधर दुमका जिले के शिकारीपाड़ा विधानसभा क्षेत्र में भी इस बार झामुमो ने आलोक सोरेन के रूप में नया चेहरा उतारा है।आलोक सोरेन अपने पिता दुमका से सांसद नलिन सोरेन की राजनीतिक विरासत संभालने के लिए चुनाव मैदान में उतरे हैं।झामुमो की ओर से सारठ विधानसभा क्षेत्र में भी प्रत्याशी बदला गया है।सारठ से उदय शंकर सिंह उर्फ चुन्ना सिंह ने झामुमो से नामांकन का पर्चा भरा है।साहिबगंज के राजमहल सीट पर भी झामुमो ने एमटी राजा के रूप में नया प्रत्याशी दिया है।साहिबगंज के ही बोरियो में लोबिन हेम्ब्रम के भाजपा में शामिल होने के बाद झामुमो ने इस सीट से नया प्रत्याशी धनन्जय सोरेन को मैदान में उतारा है।एक और सिटिंग विधायक सीता सोरेन के भाजपा में जाने के कारण जामा सीट पर झामुमो ने डॉ लुईस मरांडी का नामांकन कराया है जो भाजपा से बगावत कर झामुमो में शामिल हुई हैं।
भाजपा ने भी कुछ सीटों पर नया प्रत्याशी उतारा है।इन सीटों में सबसे महत्वपूर्ण दुमका सीट है।दुमका सीट से पहले डॉ लुईस मरांडी भाजपा से लगातार प्रत्याशी होती थीं पर लगातार दो चुनाव हारने के बाद पार्टी ने यहां से पूर्व सांसद सुनील सोरेन को उतारा है।झामुमो भाजपा में आई सीता सोरेन ने जामताड़ा नामांकन किया है जबकि लोबिन हेम्ब्रम अपनी पुरानी सीट बोरियो से ही भाजपा के टिकट पर नामांकन किया है।भाजपा ने बरहेट में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को चुनौती देने के लिये गमालियल हेम्ब्रम के रूप में नया प्रत्याशी दिया है।झामुमो और भाजपा की तुलना में कांग्रेस ने इस चुनाव में सिर्फ एक सीट पाकुड़ में प्रत्याशी बदला है।इस सीट से आलमगीर आलम की जगह उनकी पत्नी ने कांग्रेस के टिकट पर नामांकन किया है।



