सीएम हेमंत के मंत्रिमंडल का विस्तार आज
मंत्री पद के लिए कास्ट, प्रमंडल व जेंडर का रखा है ख्याल : गुलाम मीर
रांची । मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के मंत्रिमंडल का विस्तार पांच दिसंबर को रांची स्थित राजभवन के बिरसा मंडप में होगा। राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार नए मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस मंत्रिमंडल विस्तार में झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) के छह, कांग्रेस के चार और राजद के एक विधायक को मंत्री पद की शपथ दिलाई जाएगी। इसके अलावा राज्यपाल प्रोटेम स्पीकर स्टीफन मरांडी को भी शपथ दिलाएंगे, जो विधानसभा सत्र से पहले नवनिर्वाचित विधायकों को शपथ दिलाएंगे। झारखंड विधानसभा में स्टीफन मरांडी सबसे वरिष्ठ विधायक हैं। वह पहली बार 1980 में विधायक चुने गये थे। उल्लेखनीय है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य के 14वें मुख्यमंत्री के रुप में मोरहाबादी मैदान में 28 नंवबर को पद और गोपनीयता की शपथ ली थी। विधानसभा चुनाव में इंडी गठबंधन में 56 सीटें मिली हैं। इनमें झामुमो को 34, कांग्रेस को 16, राजद को चार और भाकपा-माले को दो सीटें मिली हैं जबकि विपक्ष में एनडीए को 24 सीटें मिली हैं। कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी गुलाम अहमद मीर बुधवार की शाम रांची पहुंचे।रांची पहुंचने पर उन्होंने मीडिया से बातचीत में कहा कि कांग्रेस कोटे से मंत्री पद के लिए हर वर्ग को जगह देने की कोशिश की गई है।इसमें कास्ट, प्रमंडल व जेंडर का भी ख्याल रखा गया है।मंत्रियों के नाम को आगे बढ़ाने का अधिकार सीएम का होगा है।बुधवार की रात तक सबको पता चल जाएगा कौन मंत्री बन रहा है।इससे पहले कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष केशव महतो कमलेश रांची पहुंचे।उन्होंने भी कहा कि मंत्री पद के लिए सभी वर्गों का ख्याल रखा गया है।पार्टी के विधायक दल के नेता को मंत्री पद नहीं मिलेगा।पूर्व की सरकार में कांग्रेस कोटे के मंत्रियों के पास जो विभाग थे, वे बरकरार रखे जाएंगे। बताते चलें कि पांच दिसंबर को राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह होगा। राज्यपाल मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे।प्रोटेम स्पीकर को भी राज्यपाल शपथ दिलाएंगे। राजभवन में इसकी तैयारियां भी की जा रही हैं।




