लंदन । इंग्लैंड के स्टार ऑलराउंडर बेन स्टोक्स कहा है कि वह अपनी हैमस्ट्रिंग चोट के बाद की रिहैबिलिटेशन (पुनर्वास) प्रक्रिया से गुजर रहे है और उनका लक्ष्य तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर के रूप में धमामेदार वापसी करना है। स्टोक्स दिसंबर में हुए टेस्ट मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ हुए टेस्ट में हैमस्ट्रिंग में लगी चोट के बाद बाहर हो गये थे। उसके बाद से ही वह खेल से दूर हैं। इसी कारण वह इंग्लैंड के भारत दौरे और चैंपियंस ट्रॉफी से भी बाहर रहे थे। स्टोक्स इसके बाद से ही फिटनेस हासिल करने का प्रयास कर रहे हैं। स्टोक्स ने कहा, “मैं हमेशा कड़ी मेहनत करता हूं। जब मैं फिट नहीं होता हूं, तो मेरा प्रयास पहले से बेहतर फिटनेस हासिल करने का रहता है। मैंने अपने क्रिकेट से लेकर फिटनेस तक हर चीज़ पर बहुत मेहनत की है और मुझे पता है कि जब मैं इस बार मैदान पर वापसी करूंगा तो मेरी फिटनेस सबसे अच्छे स्तर की होगी।” स्टोक्स पहले भी कई बार चोटिल होने के कारण खेल से दूर रहे हैं। पिछले साल अगस्त में ‘द हंड्रेड’ टूर्नामेंट के दौरान चोट लगने के के कारण वह श्रीलंका के खिलाफ तीन और पाकिस्तान के खिलाफ लगातार चार टेस्ट मैचों से बाहर रहे थे। साल के अंत में वह न्यूजीलैंड दौरे के लिए फिट होने की कोशिश कर रहे थे पर उनकी चोट फिर से उभर आई। वहीं इस बार अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर में खाली समय मिलने से उन्होंने अपने रिहैब को आराम से पूरा किया है। उन्होंने कहा, “ मैं अभी पूरी तरह ठीक नहीं हुआ हूं, लेकिन चार महीने की इस प्रक्रिया के आखिरी चरण में हूं और इस गर्मी में मैदान पर वापसी को लेकर काफी उत्साहित हूं। ” भारत के खिलाफ घरेलू सीरीज से पहले इंग्लैंड 22 मई को जिम्बाब्वे के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच खेलेगा, जिससे खिलाड़ियों को कुछ मैच अभ्यास मिल सके। स्टोक्स ने कहा कि वह इंग्लैंड के कोच ब्रेंडन मैकुलम के साथ लगातार संपर्क में हैं, जिससे वह अपनी फिटनेस और फॉर्म की जानकारी उन्हें दे सकें।
WhatsApp Group जुड़ने के लिए क्लिक करें 👉
Join Now


