पलामू । जिले के मेदिनीराय मेडिकल कॉलेज अस्पताल परिसर में मंगलवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक आवारा कुत्ता नवजात शिशु का शव मुंह में दबाकर घूमता दिखाई दिया। यह दृश्य देखकर अस्पताल कर्मियों और मरीजों के परिजनों में अफरा-तफरी मच गई। इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। अस्पताल में पहुंचे एक युवक ने सबसे पहले देखा कि एक आवारा कुत्ता किसी नवजात का शव लेकर अस्पताल परिसर में घूम रहा है। उसने उसकी वीडियो बनाई और सोशल मीडिया में वायरल कर दिया।
एमएमसीएच में नवजात का शव लेकर एक कुते के घूमने के मामले को पलामू जिला प्रशासन ने गंभीरता से लिया। जिले के उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत और पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी सदर एसडीओ संजय पांडे के साथ जांच के लिए मौके पर पहुंचे। उनके साथ अस्पताल के सुपरिंटेंडेंट डॉक्टर अजय कुमार, डॉक्टर आरके रंजन, शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार सहित पूरा प्रशासनिक महकमा था। उपायुक्त और एसपी ने घूम घूम कर कुत्ते के संभावित इलाके में रहने की जांच की। सीसीटीवी फुटेज देखी। अस्पताल में मौजूद कर्मियों से मामले में जानकारी ली। शव को हर हाल में ढूंढने का निर्देश दिया।
उपायुक्त ने इस घटना को काफी दुखद एवं शर्मनाक बताया। कहा कि मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड की मदद ली जा रही है। इसके लिए टीम मौके पर पहुंची है। नवजात का शव खोजा जाएगा। इस मामले में कार्रवाई के लिए टीम बनायी गयी है। आसपास के अस्पताल की जांच की जाएगी और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने मामले में गंभीरता दिखाते हुए पुलिस अधीक्षक के साथ मौके पर पहुंचकर जांच की है। इधर, सदर एसडीओ और शहर थाना प्रभारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच में जुटे हैं। डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंच गया है और उसकी मदद ली जा रही है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक कोई सफलता नहीं मिली थी।


