सांसद नलिन सोरेन ने बीस छात्र छात्राओं के बीच किया साइकिल का वितरण
शिकारीपाड़ा- दुमका सांसद नलिन सोरेन ने शुक्रवार को प्रखंड सभागार शिकारीपाड़ा में 6 व्यक्तिगत एवं सात समुदाय वनपट्टा का वितरण किया| इस दौरान सांसद ने 20 छात्र-छात्राओं के बीच साइकिल का वितरण किया। अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सांसद नलिन सोरेन ने कहा कि झारखंड सरकार को लगातार यह शिकायत मिल रही थी कि वन क्षेत्र अंतर्गत कई ऐसे लाभुक हैं जो ग्राम प्रधानों से वन पट्टा तो लेकर खेती-बाड़ी कर रहे हैं, लेकिन उन्होंने अपने पट्टा को विधिवत रूप से संपुष्टि नहीं कराया हैं, जिसके कारण वन विभाग द्वारा अंचल अधिकारी एवं अनुमंडल पदाधिकारी से उसकी संपुष्टि नहीं करायी है। सांसद ने कहा कि सरकार ने इसे गंभीरता से लेते हुए एक अभियान चलाकर वन पट्टा वितरण का कार्य शुरू किया है, उसी के तहत आज 6 व्यक्तिगत वन पट्टा तथा 7 ग्राम प्रधानों को सामूहिक रूप से गांव के लिए वन अधिकार पट्टा उपलब्ध कराया गया| यह कार्य आगे भी चलेगा। जिन व्यक्तियों में आज यह पट्टा लिया है वे अंचलाधिकारी एवं राजस्व कर्मचारी से उसका सीमांकन कराकर इस जमीन पर अपना दखल करें| वन क्षेत्र की जमीन को अनाधिकृत रूप से दखल नहीं करें। पट्टा वितरण के पश्चात सांसद ने 20 छात्र-छात्राओं के बीच कल्याण विभाग द्वारा दी जाने वाली मुफ्त साइकिल का वितरण किया तथा छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि वह साइकिल का उचित उपयोग करते हुए प्रतिदिन विद्यालय जाएं और सुचारू रूप से पठन-पाठन करें।
वनाधिकार पट्टा एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम में शिकारीपाड़ा पहुंचे सांसद नलिन सोरेन की तबीयत बिगड़ी
प्रखंड सभागार शिकारीपाड़ा में आयोजित वनाधिकार पट्टा एवं साइकिल वितरण कार्यक्रम में पहुंचे दुमका सांसद नलिन सोरेन की अचानक तबीयत बिगड़ गई | वितरण कार्यक्रम के पश्चात सांसद अल्पाहार के लिए जैसे ही प्रखंड विकास पदाधिकारी के कार्यालय कक्ष में पहुंचे, अचानक उनकी तबीयत काफी खराब हो गई| प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं अंचल अधिकारी ने आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य शिकारीपाड़ा से मेडिकल टीम बुलाई। सीएचसी शिकारीपाड़ा से डॉक्टर स्वर्ण प्रिया लकड़ा ने अपनी टीम के साथ पहुंचकर सांसद की ब्लड प्रेशर की जांच की तो बीपी बहुत कम पाया| उन्होंने तुरंत सांसद नलिन सोरेन को कुछ दवाइयां दी एवं ओआरएस का घोल पिलाया तथा आराम करने की सलाह दी| मामले में चिकित्सा पदाधिकारी डॉक्टर स्वर्ण प्रिया लकड़ा ने बताया कि मेडिसिन एवं ओआरएस का घोल देने के बाद उनका बीपी नार्मल हो गया,थोड़ी देर आराम करने के बाद सांसद नलिन सोरेन शिकारीपाड़ा से दुमका के लिए प्रस्थान कर गए।


