चंदन मिश्र
झारखंड विधानसभा चुनाव अपने पूरे रौ पर है। पहले चरण के वोटिंग के सात दिन रह गए हैं। चुनाव प्रचार जोर पकड़ रहा है। एनडीए और इंडी गठबंधन के स्टार प्रचारक भी मैदान में उतर चुके हैं। प्रचार अभियान के बीच पहले एनडीए और चार दिन बाद इंडिया गठबंधन की ओर से अपने – अपने गठबंधन का चुनावी घोषणा पत्र जारी किया है। हालांकि भाजपा एक पखवाड़े पहले ही अपने पांच प्रण जारी कर, अपने प्रतिपक्षी दलों झामुमो,कांग्रेस पर मनोवैज्ञानिक दबाव बनाने में कामयाब रही। चार दिन पहले भाजपा की ओर से केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सभी प्रमुख नेताओं के साथ भाजपा का संकल्प पत्र जारी किया। इसके चार दिनों के बाद मंगलवार को झामुमो,कांग्रेस,राजद और वाम दलों ने अपने मतदाताओं के लिए सात गारंटी जारी किया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के, मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन,राजद के जेपी यादव विशेष रूप से उपस्थित थे।
यह दोनों राजनीतिक घटकों का चुनावी घोषणा पत्र 13 और 20 नवंबर को होनेवाले मतदान के दिन झारखंड के लगभग ढाई करोड़ मतदाताओं पर कितना असर डालेगा, यह तो चुनाव परिणाम ही बताएगा। दलों के चुनावी वादे कितने महत्वपूर्ण होते हैं, इसका अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि वोटरों को लुभाने के लिए होता है। चुनाव खत्म होते ही इस घोषणा पत्र को डस्टबीन में फेंक दिया जाता है। फिर सत्ता में बैठने वाली पार्टियां अपनी सुविधा के अनुसार एजेंडा लागू करने लगती है। वोटर भी चुनावी घोषणा पत्र में किए गए वादों को भूल जाते हैं। चुनाव आते ही विपक्षी दल सत्ताधारी दल को उसके किए गए पुराने वायदे याद दिलाता है। फिर शुरू होता है, वादों का नया खेला। नया चुनाव , नए वायदे। कुछ पुराने वायदों को नए कलेवर डालकर परोस दिया जाता है। नए और पुराने वायदों का कॉकटेल बनकर तैयार हो जाता है।
चुनाव आयोग को राजनीतिक दलों के घोषणा पत्रों को संवैधानिक कसौटी पर कसने की जरूरत है।
सत्ताधारी दलों के किए गए वायदों की समीक्षा करें। झामुमो, कांग्रेस , राजद और वामदलों ने सात गारंटी में 1932 खतियान पर आधारित स्थानीय नीति बनाने, एसटी, एससी और बीसी के आरक्षण सीमा बढ़ाने, खाद्य सुरक्षा गारंटी के तहत प्रति व्यक्ति सात किलो अनाज, 450 रुपए में रसोई गैस, मईया योजना के तहत 2500 रुपए देने, राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग, जैसे वायदे गारंटी के तहत दिए गए हैं। इनमें आधी से ज्यादा गारंटी पुराने और विपक्षी दलों से लिए गए हैं।
भाजपा ने अपने पांच प्रण में गोगो दीदी योजना के तहत 2100 रुपए, 500 रुपए में रसोई गैस,साथ में साल में दो बार फ्री गैस, गरीबों को घर, घर बनाने के लिए फ्री बालू, पौने तीन लाख सरकारी नौकरियों देने जैसे वायदे किए गए हैं। फिर राज्य के पच्चीसवें साल में भाजपा ने 25 नए वायदे किए हैं, इनमें चिकित्सा, स्वास्थ्य, शिक्षा, आधारभूत संरचना, आंतरिक सुरक्षा, जैसे विषयों पर जनता को अपनी प्रतिबद्धता दोहराई है।
सवाल यह है कि जब राजनीतिक दल चुनाव के समय वोटरों के साथ कुछ वायदे करते हैं और उसे पूरा करते हैं या नहीं, अगले चुनाव में उन्हें पूरा होने और न होने की कसौटी पर कसना भी चाहिए। झामुमो गठबंधन ने 2019 के चुनाव में युवाओं को हर साल पांच लाख नौकरी, नौकरी नहीं देने पर बेरोजगारी भत्ता, महिलाओं को हर महीने दो हजार रुपए चूल्हा खर्च, जैसे दर्जनों वायदे किए थे। लेकिन झामुमो और कांग्रेस गठबंधन सरकार इन वायदों को पूरा करने में पूरी तरह फेल हो गई। फिर नए चुनाव पुराने वायदों को झामुमो कांग्रेस गठबंधन नए कलेवर में पेश कर दिया है। आखिर इन वायदों का क्या मतलब है ? कसमें वायदे, प्यार वफ़ा के, वादे हैं, वादों का क्या ?



