जरमुंडी । जरमुंडी प्रखंड क्षेत्र में लॉटरी माफियाओं का मकड़जाल दिनोंदिन फैलता जा रहा है। इस धंधे में सैकड़ों बेरोजगार युवाओं के शामिल होने से जरमुंडी में यह धंधा माफियाओं के लिए सेफ जोन बन गया है। झारखंड में लॉटरी पर (प्रतिबंध) बैन होने से बासुकीनाथ और जरमुंडी के कुछ बड़े धंधेबाज ही पहले आसनसोल से विभिन्न राज्यों के लॉटरी लाकर बेचा करते थे।किन्तु तेजी से समय बदला और अब डुप्लीकेट टिकट पर लॉटरी के गोरखधंधे ने असली टिकटों की जगह ले ली। संथाल परगना के सीमावर्ती राज्यों से फैले लॉटरी माफियाओं का अवैध कारोबार धीरे धीरे दुमका जैसे जिले को अपनी गिरफ्त में ले चुका है। अकेले बासुकीनाथ नपं क्षेत्र और जरमुंडी प्रखंड की बात करें तो यहां प्रतिदिन करीब एक करोड़ के आस पास डुप्लीकेट लॉटरी का अवैध कारोबार होता है। सूत्रों की माने तो वर्तमान में बासुकीनाथ औ जरमुंडी मिलाकर 20-25 लॉटरी माफिया और पांच सौ से अधिक लॉटरी के भेंडर अवैध टिकट बेचने में शामिल हैं। बिना पूंजी और थोड़ी सी मेहनत से अवैध लॉटरी के भेंडरों को बड़ा मुनाफा मिल रहा है। जिसे नए युवाओं का यह पार्ट टाईम पसंदीदा व्यापार (लॉटरी) बन गया है। ये लॉटरी बेचने के लिए सोशल मीडिया का भी भरपूर उपयोग कर रहे हैं। फोन पर वाट्स ऐप के माध्यम से लॉटरी के टिकट नंबर भेज देते हैं और इस तरह टिकट बिक्री हो है। वहीं अगर टिकट की बिक्री न हो पाये तो अनसोल्ड की सूचना उपर भेज दी जाती है। इससे भेंडर को नुकसान नहीं होती। दुमका जिले में लॉटरी माफियाओं का दबदबा लंबे समय से बना हुआ है। पहले पुराना गिरोह अवैध कारोबार में सक्रिय था, अब नए गिरोह भी इसमें शामिल हो गए हैं। इस बाबत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी ट्विटर पर झामुमो के एक कार्यकर्ता ने ट्वीट किया है, जिसपर संज्ञान लेकर दुमका के उपायुक्त को मुख्यमंत्री ने कारवाई करने का निर्देश दिया है। ट्वीट कर बताया गया है कि दुमका का एक निजी होटल इस कारोबार का मुख्य केंद्र बना हुआ है। जहां लॉटरी छापने और बेचने की खबरें सामने आई हैं।




