मुंबई । बॉलीवुड की दिग्गज अभिनेत्री पूनम ढिल्लों के खार स्थित आवास में चोरी की खबर सामने आई है। पूनम के घर से नकदी और जूलरी की चोरी हुई थी। पुलिस ने मामले की जांच कर चोर को गिरफ्तार किया है। खबर है कि चोर पेंटर निकला है, जो पूनम के घर में पेंट करने के लिए आया था। काम करने के दौरान खुली अलमारी देखी और उससे नकदी, जूलरी चोरी कर ली थी।
खार पुलिस ने पूनम ढिल्लों के आवास से करीब 1 लाख रुपये का हीरे का हार, 35,000 रुपये नकद और कुछ अमेरिकी डॉलर चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तारी 6 जनवरी को की गई है और आरोपी की पहचान 37 वर्षीय समीर अंसारी के रूप में हुई, जो एक पेंटर है। पुलिस जांच में पता चला कि आरोपी अंसारी 28 दिसंबर से 5 जनवरी के बीच फ्लैट में पेंट कराने के लिए अभिनेत्री के घर पर था। इस दौरान चोर अंसारी ने खुली अलमारी का फायदा उठाकर सामान चुरा लिया। आरोपी ने चोरी किए हुए पैसों से पार्टी कर ली थी। बात दें कि पूनम ढिल्लों जुहू में रहती हैं, लेकिन वह अक्सर खार स्थित अपने बेटे अनमोल के घर पर समय बिताती हैं।


