बेंगलुरु । भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव अभी भी बना हुआ है। इसी बीच कर्नाटक सरकार में आवास और अल्पसंख्यक मंत्री जमीर अहमद खान का बयान तेजी से वायरल हो रहा है। मंत्री अपने इस बयान में पाकिस्तान से युद्ध करने के लिए अकेले ही आत्मघाती बम के साथ पाकिस्तान जाने का कह रहे हैं।
खान ने पत्रकारों से चर्चा करते हुए कहा कि पाकिस्तान हमेशा से ही भारत का दुश्मन रहा है। ऐसे दुख के मौके पर अगर प्रधानमंत्री मोदी और गृहमंत्री अमित शाह मुझे मौका देते हैं तो मैं खुद सीमा पर जाकर युद्ध करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा, हम सब भारतीय हैं, हम हिन्दुस्तानी हैं। हमारा पाकिस्तान से कोई नाता नहीं है। इससे पहले खान ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की और इसे अमानवीय कृत्य बताया। उन्होंने कहा कि हर भारतीय को एकजुट होना चाहिए, यह हमारे एकजुट होने का समय है। खान ने केंद्र सरकार को संबोधित करते हुए कहा कि पीएम मोदी को राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए कड़े कदमों को उठाना चाहिए। बता दें कि 22 अप्रैल को हुए इस आतंकी हमले में 26 पर्यटकों की जान चली गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस हमले में शामिल आतंकवादियों ने पर्यटकों को उनका धर्म पूछ-पूछ कर गोली मारी। इस हमले के बाद से पूरे देश की भावनाएं अपने उबाल पर हैं। केंद्र सरकार ने भी हमले के बाद ही पाकिस्तान पर कार्रवाई करना शुरू कर दिया। सरकार ने सिंधु जल संधि को रद्द कर दिया और भारत में आए पाकिस्तानी नागरिकों को भारत छोड़ने का आदेश दे दिया था।






