रामगढ़ । सिर्फ इंडिया गठबंधन की सरकार ही झारखंड का भला कर सकती है। एनडीए गठबंधन के पास राज्य के विकास का कोई विजन नहीं है। एनडीए एवं भाजपा के नेता राज्य में सामाजिक सद्भाव को नष्ट करने का कार्य कर रहे है। राज्य के विकास के वास्तविक मुद्दों पर चर्चा के बजाय वे लोग बदलती डेमोग्राफी तथा तुष्टिकरण जैसे मुद्दे उठाकर जनता में भ्रम पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसलिए झारखंड के विकास एवं सामाजिक सौहार्द्र को बनाए रखने के लिए झामुमो प्रत्याशी डॉक्टर लुईस मरांडी ने ग्रामीणों से जामा विधानसभा क्षेत्र से झामुमो को विजयी बनाने की अपील की। डॉक्टर लुईस मरांडी मंगलवार को रामगढ़ प्रखंड के सिलठा बी, डांडो तथा अमडापहाडी पंचायत के विभिन्न गांवों में झामुमो द्वारा आयोजित जनसभा सह मिलन समारोह को संबोधित कर रही थी। रामगढ़ तथा जामा प्रखंड के सम्यक विकास के लिए उन्होंने ग्रामीणों से चुनाव के दिन झारखंड मुक्ति मोर्चा को समर्थन देकर विजय का आशीर्वाद देने का अनुरोध किया। मिलन समारोह में विभिन्न दलों के दर्जनों समर्थक झामुमो में शामिल हुए। पार्टी में शामिल होने वालों को झामुमो का पट्टा तथा अंगवस्त्र पहनाकर प्रत्याशी डॉक्टर लुईस मरांडी,प्रखंड अध्यक्ष शिवलाल मरांडी, प्रखंड सचिव नंदलाल राउत, प्रमुख बाबुलाल मुर्मू, दिवाकर मंडल, छोटे लाल मंडल ने पार्टी में शामिल कराया।




