बोलीं: सरकार बनने पर युवाओं को रोजगार व बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराना होगी प्राथमिकता
जामा। विधानसभा सीट से झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रत्याशी डॉ लुईस मरांडी ने रविवार को जामा प्रखंड क्षेत्र के थानपुर पंचायत अंतर्गत थानपुर, ऊपर सीतवा, हैठ मांझियानडीह , पहरू, गुड़ियारी समेत अन्य गांवों में जनसंपर्क अभियान चलाकर मतदाताओं से जीत का आशीर्वाद मांगा। जनसंपर्क अभियान में महिलाओं में काफी उत्साह दिखाई दिया। जनसंपर्क कार्यक्रम में ज्यादा तादाद में महिलाओं की भीड़ दिखी। जनसंपर्क कार्यक्रम में पहरू और गुड़ियारी गांव में पारंपरिक रीति रिवाज से जेएमएम प्रत्याशी डॉ लुइस मरांडी का महिलाओं ने स्वागत किया| मौके पर डॉ लुइस मरांडी भी महिलाओं के साथ स्वागत नृत्य करती नजर आई। इस दौरान उन्होंने कहा कि गुरु जी ने उनके ऊपर भरोसा जताया है| उनके भरोसे पर खरा उतरने का प्रयास करूंगी। जामा में विकास योजना धरातल पर उतारने में कोई कसर नहीं रखूंगी। उन्होंने जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हरेक परिवार तक पहुंचाने का आश्वसन दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार बनी तो युवक-युवतियों को रोजगार मुहैया कराएंगे ताकि पलायन को रोका जा सके। जहां सड़क और बुनियादी ढांचा बनाने की आवश्यकता होगी वहां पर विकास योजना धरातल पर उतारने का भरसक प्रयास करूंगी। इस मौके पर प्रखंड अध्यक्ष कालेश्वर सोरेन, सचिव सत्तार खान, बुदीलाल मरांडी, निर्मल बेसरा, बाबुल यादव मुखिया शंकर कोल, नरेश लायक़, पप्पू राय, मनोज दर्वे, निखिल यादव, कालेश्वर कोल सहित दर्जनों जेएमएम कार्यकर्ता मौजूद थे।




