जरमुंडी । जरमुंडी थाना पुलिस ने मंगलवार को थाना क्षेत्र अंतर्गत माछीटांड़ से भोंड़ाबाद जानेवाले मार्ग में ढड़वा पुल के समीप अवैध बालू लोड एक ट्रैक्टर को धर दबोचा। बता दें कि प्रखंड क्षेत्र के विभिन्न बालू घाटों से चोरी छिपे बालू का अवैध उत्खनन और परिवहन दिन रात लगातार जारी है। बालू माफियाओं पर प्रशासन के तमाम सख्ती के बावजूद इन पर अंकुश लगाया जाना मुश्किल हो रहा हैं। बालू के अवैध उत्खनन और परिवहन की सूचना पर जरमुंडी सीओ के द्वारा थाना पुलिस को सूचना दी गई।जिसके बाद सीओ के दिशा निर्देश पर जरमुंडी पुलिस ने टेपरा नदी के ढड़वा घाट से अवैध उत्खनन कर गलत तरीके से बालू उठाव कर गंतव्य की ओर ले जा रहे बालू लदे ट्रैक्टर को पकड़ा। पुलिस को देखते ही ट्रैक्टर चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सीओ के निर्देश पर पुलिस द्वारा ट्रैक्टर को जरमुंडी थाना परिसर में जप्त कर रखा गया है एवं इस संदर्भ में विधि सम्मत कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी (डीएमओ) को पत्र लिखा गया है। अंचलाधिकारी के बयान पर अज्ञात ट्रैक्टर मालिक तथा चालक के विरुद्ध बिना परिवहन चालान के खनिज का परिवहन एवं झारखंड लघु खनिज समनुदान नियमावली, झारखंड मिनिरल एक्ट को लेकर भारतीय दंड संहिता की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही गयी है।




