संताल परंपरा के अनुसार हर साल नए फसल की कटाई के पूर्व की जाती है जानथाड़ पूजा- विशाल मरांडी
दुमका । दिशोम जाहेर थान दुमका में रविवार को दिशोम नायके बाबा सीताराम सोरेन के नेतृत्व में पूरे विधि-विधान के साथ जानथाड़ पूजा की गई। दिशोम मांझी बाबा विशाल मरांडी ने बताया कि संताल परंपरा के अनुसार हर साल नए फसल की कटाई के पूर्व जानथाड़ पूजा की जाती है। जिसमें मुख्य रूप से मरांग बुरू, जाहेर ऐरा, गोसाईं ऐरा आदि देवताओं को खेत से कुछ नए धान को लाकर चढ़ाया जाता है ताकि खेत से घरों तक फसल को लाने में किसी तरह की समस्याएं न हो साथ ही उसकी जरूरतों के अनुसार उनका उपयोग घरों में किया जा सके। आगे दिशोम जोगमांझी बाबा मोहन मुर्मू ने बताया कि आज प्रातः 8 बजे स्नान कर मरांगबुरु भक्त अपने परंपरागत वेश भूषा पंछी डेंगा में दिशोम जाहेर थान पहुंचे। जहां दिशोम नायके बाबा के नेतृत्व में विधि-विधान के साथ पूजा संपन्न हुई। इस पूजा में दुमका के साथ-साथ संताल परगना के विभिन्न जिलों से आतो मोड़ें होड़ और मरांग बुरु अनुयाई शामिल हुए। मौके पर संताली साहित्यकार चुंडा सोरेन ‘सिपाही’, अमरेंद्र हेंब्रम, ऐमेल मरांडी, निलेश हांसदा, मुन्ना मरांडी, अरविंद मुर्मू, शिवकांत मुर्मू, ठेकलाल मरांडी, बेनीलाल टुडू, महादेव हेंब्रम, सीमांत हांसदा, प्रेम हांसदा, शिव सोरेन, संदीप मुर्मू, सुनील मरांडी, राम हांसदा समेत सैकड़ों की संख्या में लोग शामिल रहे।




