दुमका। विधानसभा चुनाव में मतदाताओं को जागरूक करने के उद्देश्य से जनमत शोध संस्थान द्वारा अपने संस्थागत कार्यक्षेत्र में मतदाता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
जामा प्रखंड के लकरजोरिया गांव में आयोजित इस मतदान जागरूकता कार्यक्रम में अशोक सिंह सचिव जनमत ने ग्रामीणों से कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदान सिर्फ जरुरी ही नहीं बल्कि आपका अधिकार भी है। इसलिए 20 नवंबर को होने वाले मतदान में बिना किसी लोभ लालच के निडर और निष्पक्ष होकर वोट दें।
जनमत की प्रोग्राम कॉर्डिनेटर प्रभा सोरेन ने ग्रामीणों विशेष कर महिला मतदाताओं को संबोधित करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की महिला मतदाता पुरुषों की तुलना में मतदान में काफी बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेती हैं, जो हम महिलाओं के लिए गर्व की बात है। इसलिए सभी राजनीतिक दलों की नजर महिला वोटर्स पर रहती है और उसी को टारगेट भी करते हैं। ऐसे में हम महिलाओं को अभी सजग और सतर्क रहने की भी जरूरत है। किसी के लोभ लालच और क्षणिक प्रलोभन में नहीं आना है। आपका वोट अपना वोट है, जिसपर आपका अधिकार है। इसलिए अपनी इच्छा से सोच विचार कर योग्य उम्मीदवार को चुनने के लिए निष्पक्ष और निर्भीक होकर मतदान करना है।
इसी क्रम में मतदाताओं को जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि दुमका में 20 नवंबर को वोट है उस दिन सबसे पहला और महत्वपूर्ण काम अपने मतदान केन्द्र में जाकर मतदान करना है और अपने साथ साथ अपने पड़ोसियों को भी मतदान के लिए प्रेरित करना है। मतदान केन्द्रों पर मतदाताओं के लिए सभी सुविधाएं उपलब्ध हैं। विशेषकर दिव्यांगो, वरिष्ठ नागरिकों और बुजुर्गों के लिए केंद्र में उपलब्ध सुविधाओं के बारे में भी बताया गया। इसी क्रम में वोट देने के लिए मतदान प्रक्रिया, वोटर आईडी और अन्य वैकल्पिक मतदाता पहचान पत्रों की भी जानकारी दी गई।
जनमत शोध संस्थान द्वारा आयोजित उक्त मतदाता जागरूकता कार्यक्रम के अंत में मतदाताओं को प्रेरित और जागरूक करने के उद्देश्य से मतदान में भागीदारी के लिए शपथ भी दिलाई गई। कार्यक्रम में जनमत के कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मतदाताओं ने भाग लिया।




