एस.के.झा.’सुमन’

दुमका। झारखंड विधानसभा चुनाव घोषणा के पूर्व से ही सभी राजनीतिक दल समाज के सभी वर्ग के पास जनसंपर्क अभियान कर अपनी सियासत की जमीन को मजबूत करने में जुटे हुए हैं। अब तक व्यावसायिक वर्ग सियासत के आकर्षण का मुख्य केंद्र में रहा है । चुनावी मौसम है अभी सभी राजनीतिक दल व्यावसायिक वर्ग को अपने पाले में करने के लिए खूब पसीना बहाने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ रहें हैं। अभी छठ पूजा चल रहा है इसलिए राजनीतिक पार्टी का प्रचार अभियान थोड़ा धीमा हो गया है पर जनसंपर्क अभियान जारी है। छठ पूजा खत्म होते ही राजनीतिक पार्टी की चुनावी अभियान काफी रफ्तार पकड़ेगी। छोटे व्यापारी अपने व्यापार को लेकर विभिन्न प्रकार की समस्याओं से ग्रसित हैं। इस वर्ग को राज्य सरकार की नीति धरातल पर नहीं दिख रही है। इन सारे प्रश्नों को लेकर छोटे व्यवसायी नाखुश भी दिखे तो कुछ व्यापारी वर्ग इन सारे सवालों को लेकर चुप्पी साधने में ही अपनी भलाई समझ रहे हैं। व्यापार को लेकर व्यावसायिक वर्गों के मन में उठ रहे सवालों का जवाब आखिर देगा कौन, पूछते हैं लोग? ऐसे में इस मुद्दे को लेकर दुमका विधानसभा के व्यावसायिक वर्ग इस बार अपने विधानसभा के चुनाव में उतरे राष्ट्रीय पार्टी के प्रत्याशी और क्षेत्रीय पार्टी के प्रत्याशी एवं निर्दलीय पार्टी से खड़े प्रत्याशियों के लिए क्या है उनके विचार। इसे लेकर हमारे ब्यूरो प्रभारी एस.के. झा. ‘सुमन’ ने नगर के व्यापारी वर्ग से विस्तृत बातचीत की, प्रस्तुत है बातचीत के अंश।
————————
क्या कहते हैं व्यावसायिक व्यवसायी
शहर के प्रतिष्ठित व्यावसायी ललित संथालिया दुमका के वर्तमान विधायक बसंत सोरेन के बारे में उन्होंने कहा कि उनका कार्यकाल मिला-जुला ही रहा है। लेकिन व्यावसायिक वर्ग के लिए एक ठोस व्यावसायिक नीति नहीं होने की वजह से रोजगार का सृजन इस सरकार में नहीं हो पाया है। झारखंड की गठबंधन सरकार नए राज्य में निवेश कैसे बढ़े? नए उद्योग कैसे आएं? कैसे ज्यादा से ज्यादा नौकरियों के मौके बनें, इन सभी बातों को अमली जामा पहनाने और धरातल पर उतारने की कवायद में राज्य सरकार की कार्यशैली में कंजूसी ही दिखी। सरकारों द्वारा औद्योगिक नीति के बल पर व्यवसाय को नए आयाम तक पहुंचाने के लिए की गई ऐसी कोशिशें अब तक बहुत सफल नहीं रही हैं। व्यवसाय के क्षेत्र में नए विचारों को आगे रखने को लेकर सरकार को गंभीरता पूर्वक पहल करने की जरूरत थी हालांकि राजनीतिक अस्थिरता के कारण राज्य सरकार को विकास को धार देने में रुकावट की वजह हो सकती है।
ललित संथालिया, व्यवसायी, दुमका
————————
व्यवसायी चंद्रशेखर जायसवाल ने स्थानीय विधायक बसंत सोरेन के बारे में कहा कि उनसे कभी वास्ता तो नहीं पड़ा है लेकिन सुना है कि वे व्यापारी वर्ग के लिए काफी सकारात्मक सोच रखते हैं।
चंद्रशेखर जायसवाल, व्यवसायी, दुमका
——–
बर्तन का व्यापार करने वाले सुमन साह स्थानीय विधायक बसंत सोरेन से काफी प्रभावित दिखे। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत तौर पर विधायक बसंत सोरेन काफी भले आदमी हैं। उनसे जब-जब समस्याओं को मैंने बताया तो उन्होंने उस समस्या को गंभीरता से निदान करने का काम किया है। व्यापारी वर्ग की समस्या उनके पास पहुंचते ही वे तत्परता से राहत दिलाने का काम करते हैं।
सुमन साह, व्यवसायी, दुमका
——–
मोहम्मद औरंगजेब कहते हैं कि कपड़ा का व्यापार कॉविड-19 के बाद यह उद्योग- धंधा चौपट हो गया है। हमलोगों को जीना दुश्वार हो गया है। हेमंत सरकार से काफी उम्मीदें थी परंतु छोटे व्यापारी वर्ग के लिए कोई ठोस पहल अब तक नहीं दिखा। हमलोगों जैसे छोटे व्यापारियों की परेशानी और बढ़ती ही जा रही है। चुनाव है सभी नेता आते हैं लेकिन छोटे व्यापारी वर्ग के बारे में कोई ठोस नीति नहीं बनाते हैं।
मोहम्मद औरंगज़ेब, व्यवसायी, दुमका
———–
केंद्र सरकार की नीतियों की वजह से राज्य सरकार व्यवसायी वर्ग को लाभ नहीं पहुंच पा रहे हैं। उक्त बातें हुड मेकर का काम कर रहे मोहम्मद चुन्ना ने कही। उन्होंने कहा कि हेमंत सरकार का कार्यकाल बहुत बेहतर रहा है। स्थानीय विधायक को काम करने का कम अवसर मिला है।
मोहम्मद चुन्ना, व्यवसायी, दुमका



