सुबह 9.30 बजे से शुरु होगा मैच
कानपुर । भारतीय क्रिकेट टीम शुक्रवार से यहां बांग्लादेश के खिलाफ होने वाले दूसरे क्रिकेट टेस्ट मैच को जीतकर सीरीज 2-0 से अपने नाम करने उतरेगी। इस मैच में भारतीय टीम उत्साहित होकर उतरेगी क्योंकि उसने पहला टेस्ट 280 रनों के भारी अंतर से जीता था। भारतीय टीम बल्लेबाजी और गेंदबाजी सहित हर क्षेत्र में हावी रही थी। इस मैच में भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा और अनुभवी बल्लेबाज विराट कोहली पर सभी की नजरें रहेंगी। ये दोनो पहले टेस्ट में असफल रहे थे। ऐसे में प्रशंसक इस मैच में इनसे बड़ी पारी की उम्मीद करेंगे। भारत ने चेन्नई में खेले गए पहले टेस्ट मैच में आर अश्विन के ऑलराउंड प्रदर्शन के साथ ही ऋषभ पंत , शुभमन गिल के शतक से बड़ी जीत दर्ज की थी। भारतीय टीम को पहले मैच में अध्यक्रम और निचले क्रम के बेहतर प्रदर्शन से जीत मिली। इसके अलावा गेंदबाजों ने भी प्रभावी प्रदर्शन किया।
बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों ने पहले दिन भारतीय टीम पर दबाव बनाया था पर इसक बाद भी टीम ने जबरदस्त वापसी की थी। ऐसे में अब भारतीय टीम की नजरें स्वदेश में लगातार 18वीं सीरीज जीतने पर रहेंगी। ऋषभ ने कार हादसे के बाद लंबे समय बाद जिस प्रकार से पहले टेस्ट में खेला है। उससे ये उम्मीद है कि वह इस मैच में भी बेहतर प्रदर्शन करेंगे। वहीं दूसरी ओर पहले टेस्ट में बांग्लादेश के तेज गेंदबाजों हसन महमूद और तस्कीन अहमद ने अच्छी गेंदबाजी की थी। वहीं ग्रीन पार्क के विकेट से स्पिनरों और तेज गेंदबाजों दोनो को ही सहायता मिलती रही है। भले ही इसमें शुरूआत में तेज गेंदबाजों को कुछ मदद मिलने की उम्मीद है पर खेल आगे बढ़ाने के साथ इसकी प्रकृति में बदलाव होने की संभावना है। ऐसे में भारतीय टीम तीन तेज गेंदबाजों के बजाय तीन स्पिनरों को अंतिम एकादश में शामिल कर सकता है। ऐसी स्थिति में आकाशदीप की जगह कुलदीप यादव को भी अवसर मिल सकता है।
वहीं भारतीय टीम अगर बल्लेबाजी को अधिक मजबूत करना चाहेगा तो फिर अक्षर पटेल को कुलदीप की जगह पर रखा जा सकता है। बांग्लादेश की बात है तो पहले टेस्ट मैच में उसके बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन नहीं कर पाए थे जिसे देखते हुए वह अपनी टीम में बदलाव कर सकता है। उसके बल्लेबाज पहली पारी में भारत के तेज गेंदबाजी आक्रमण के सामने टिक नहीं चल पाए थे जबकि दूसरी पारी में अश्विन की स्पिन के सामने उन्होंने समर्पण कर दिया था।
बांग्लादेश के लिए राहत की बात ये है कि ऑलराउंडर शाकिब अल हसन इस मैच में खेलेंगे। मुख्य कोच चंडिका हथुरुसिंघे ने कहा कि यह स्टार ऑलराउंडर खेलने के लिए उपलब्ध है। बांग्लादेश की टीम तेज गेंदबाज नाहिद राणा की जगह बाएं हाथ के स्पिनर ताईजुल इस्लाम को अंतिम एकादश में शामिल कर सकता है। इसके अलावा जरुरत पड़ने पर ऑफ स्पिनर नईम हसन को भी टीम में जगह मिल सकती है।
इस मैच में भारतीय टीम के ऑलराउंडर जडेजा के पास अपने 300 विकेट और 3000 रन का अनोखा डबल बनाने का अवसर है। उन्होंने अभी तक 73 टेस्ट मैच में 299 विकेट और 3122 रन बनाए हैं। इंग्लैंड के इयान बॉथम ने 72 टेस्ट मैच में यह उपलब्धि हासिल की थी और जडेजा के पास उनके बाद सबसे कम मैच में इस मुकाम पर पहुंचने का मौका है।
दोनो टीमें इस प्रकार हैं :
भारत : रोहित शर्मा (कप्तान), यशस्वी जयसवाल, शुबमन गिल, विराट कोहली, केएल राहुल, ऋषभ पंत (विकेटकीपर), रवींद्र जड़ेजा, रविचंद्रन अश्विन, जसप्रित बुमरा/कुलदीप यादव, आकाश दीप, मोहम्मद सिराज।
बांग्लादेश : नजमुल हुसैन शान्तो (कप्तान),शादमान इस्लाम, जाकिर हसन, मोमिनुल हक, मुश्फिकुर रहीम, शाकिब अल हसन, लिट्टन दास (विकेटकीपर), मेहदी हसन मिराज, तस्कीन अहमद, हसन महमूद, नाहिद राणा।


